Jantar Mantar Protest: घायल इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह का दावा- ‘150-200 लोगों ने घेरकर पीटा, लूट लिया वॉलेट और चेन’

Bindash Bol

Jantar Mantar Protest: जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस के एक घायल अधिकारी ने हिंसा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। ड्यूटी के दौरान घायल हुए इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें करीब 150-200 लोगों की भीड़ ने घेरकर बेरहमी से पीटा, उनकी सोने की चेन और वॉलेट भी छीन लिया, जिसमें उनके पहचान पत्र मौजूद थे।

‘मारो पुलिस वालों को’ के नारे लगाते हुए किया हमला

इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह के मुताबिक, वह जंतर-मंतर पर अपनी आधिकारिक ड्यूटी निभा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें देखकर “मारो पुलिस वालों को” के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके बाद भीड़ ने उन पर लाठी, पत्थरों और अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि “मैं बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लगभग 150-200 लोगों ने मुझे चारों तरफ से घेर लिया। मेरे सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।”

‘हमला पहले से सुनियोजित लग रहा था’

घायल अधिकारी का दावा है कि हमलावरों के हाथों में पहले से लाठियां और पत्थर मौजूद थे, जिससे उन्हें लगा कि हमला अचानक नहीं बल्कि पूर्व नियोजित था।
उन्होंने कहा कि “मैं वर्दी में था और ड्यूटी पर तैनात था। ऐसा लग रहा था कि जैसे उन्होंने पहले से तय कर रखा था कि पुलिसकर्मी दिखते ही उन पर हमला करना है।”

‘सोने की चेन और वॉलेट भी लूट लिया’

इंस्पेक्टर सिंह ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनकी सोने की चेन और वॉलेट भी छीन लिया। उनके अनुसार वॉलेट में उनके आधिकारिक पहचान पत्र सहित जरूरी दस्तावेज मौजूद थे।

‘हमलावर छात्र नहीं थे’

घायल अधिकारी ने यह भी दावा किया कि हमला करने वाले लोग छात्र नहीं थे।
उन्होंने कहा, “छात्र इस तरह का व्यवहार नहीं करते। मेरे अनुसार, पुलिस पर हमला करने वाले दूसरे लोग थे, जिन्होंने जानबूझकर पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया।”

दिल्ली पुलिस ने हिंसा की निंदा की

घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर हिंसा का वीडियो साझा करते हुए पुलिसकर्मियों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की। पुलिस ने कहा कि वर्दी के पीछे भी एक इंसान, उसका परिवार और समाज की सेवा का संकल्प होता है। असहमति लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती।
फिलहाल, जंतर-मंतर पर हुई हिंसा की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। वहीं, इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

नीट पेपर लीक मुद्दे को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन जारी हैं, जिसमें प्रदर्शनकारी परीक्षा में हुई अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment