* राज्य में सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण होंगे वैध
Jharkhand Cabinet : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में कुल 53 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिसमें सबसे चर्चित फैसला JTET (झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा) नियमावली को स्थगित कर दिया गया। साथ ही सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (DA) में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी को भी हरी झंडी मिल गई।
JTET नियमावली पर विवाद और रद्दीकरण
कैबिनेट की बैठक में कांग्रेस के दो मंत्रियों—राधा कृष्ण किशोर और दीपिका पांडे—ने JTET नियमावली पर विरोध जताने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने विवादास्पद नियमावली पर रोक लगा दी। अब इसे संशोधन करके दोबारा लाया जाएगा। इस नियमावली में मुख्य विवाद का मुद्दा यह था कि प्रस्तावित नियमावली में मगही और भोजपुरी भाषाओं को शामिल नहीं किया गया था, जिससे स्थानीय भाषाई समुदायों में नाराजगी थी। यह फैसला शिक्षक भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अभ्यर्थियों और भाषाई मुद्दों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए लिया गया। नए वित्तीय वर्ष में झारखंड के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी खुशखबरी मिली है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
महंगाई भत्ते में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी
कैबिनेट की बैठक समाप्त होने के बाद विभागीय सचिव वंदना दादेल ने बताया कि आज की बैठक में कुल 53 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि सरकारी कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशन भोगियों के महंगाई भत्ते में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इसके तहत इन सभी को 252 की जगह 257 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय होगा। वहीं पांचवां वेतनमान के तहत वेतन और पेंशन लेने वालों के भी महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की गई है।
अनधिकृत तरीके से बनाए गए भवनों को नियमित करने का फैसला
झारखंड कैबिनेट के एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में झारखंड में अनधिकृत तरीके से बनाए गए भवनों को नियमित करने के लिए नगर विकास विभाग के नियमितीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके साथ रांची सहित राज्य भर में 10 मीटर ऊंचाई के आवास यानी जी प्लस टू भवन को रेगुलराइज किया जाएगा। इसमें अधिकतम 300 स्क्वायर मीटर एरिया होगा। नियमितीकरण के लिए न्यूनतम फीस आवासीय भवनों के लिए 10000 रुपये और गैर आवासीय भवनों के लिए 20000 रुपये रखा गया है।
स्कूलों- कॉलेजों में विज्ञान और तकनीक क्विज का आयोजन
उन्होंने बताया कि झारखंड के स्कूलों- कॉलेजों में विज्ञान और तकनीक क्विज का आयोजन किया जाएगा। 8वीं कक्षा से लेकर पॉलिटेक्निक के छात्र इसमें हिस्सा ले सकेंगे। क्विज में रोबोटिक्स और एआई से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगें। वहीं सर ज्ञानचंद्र घोष के नाम पर राज्य में गणित दिवस मनाया जाएगा । झारखंड में रोबोटिक्स फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। एससी-एसटी कानून के तहत रांची-धनबाद और पलामू में अलग से कोर्ट की व्यवस्था होगी।