MLA SON ASSAULTED : धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर सोमवार को शराब के नशे में छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर हिंसक झड़प हो गई। इस विवाद के दौरान लोजपा विधायक जनार्दन पासवान के पुत्र सौरव पासवान भी मौके पर मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद विधायक द्वारा अपने पुत्र के अपहरण की सूचना दिए जाने से पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विधायक पुत्र को नई विधानसभा के पास से सकुशल बरामद कर लिया।

विवाद और मारपीट की वजह
रांची सिटी एसपी पारस राणा ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से जानकारी दी कि यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार के बाहर कुछ छात्र शराब का सेवन कर रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर छात्रों के दूसरे गुट से उनकी तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान सौरव पासवान के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार, जांच में विधायक पुत्र के भी शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
अपहरण की आशंका और पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने पुलिस को फोन कर बेटे के अपहरण की सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि विवाद के बाद दूसरे गुट के युवक सौरव को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए थे और बाद में नई विधानसभा के पास सड़क किनारे उतारकर फरार हो गए। पुलिस ने वहीं से सौरव को बरामद कर थाने पहुंचाया।
अपहरण के दावे को पुलिस ने नकारा
सिटी एसपी पारस राणा ने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया यह मामला सुनियोजित अपहरण का नहीं, बल्कि शराब के नशे में छात्रों के बीच उपजे तात्कालिक विवाद और मारपीट का है। पुलिस ने मारपीट में शामिल युवकों की पहचान कर ली है और दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यूनिवर्सिटी गेट के ठीक सामने खुलेआम शराब पीने और इस तरह की हिंसक झड़प की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
