MLC : बिहार-यूपी समेत 4 राज्यों की 28 MLC सीटों पर वोटिंग जारी

Bindash Bol

MLC : उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की 28 विधान परिषद सीटों के लिए आज (23 अक्टूबर) सुबह आठ बजे से वोटिंग जारी है। इन सीटों पर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। वोटिंग आज सुबह आठ बजे से शुरू हुई जो शाम चार बजे तक होगी। यूपी-बिहार-महाराष्ट्र और कर्नाटक के जिन सीटों पर वोटिंग होगी, उनमें बिहार की 8, कर्नाटक की 4, महाराष्ट्र की 5 और उत्तर प्रदेश की 11 सीटें शामिल हैं। सभी सीटों पर होने वाले मतदान को लेकर सियासत पहले से तेज है। प्रमुख राजनीतिक दलों ने इन सीटों पर अपने अपने उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। बिहार और यूपी में इस चुनाव के रिजल्ट पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी। इन सभी सीटों पर हुए मतदान का रिजल्ट 27 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।

किन सीटों पर आज होगी वोटिंग, जानें अपडेट्स….

चार राज्यों की 28 सीटों पर वोटिंग आज

गोरखपुर-फैजाबाद MLC चुनाव, भाजपा-सपा में है कड़ा मुकाबला
गोरखपुर-फैजाबाद एमएलसी चुनाव में कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रमुख मुकाबला भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी और समाजवादी पार्टी के संजयन त्रिपाठी के बीच माना जा रहा है। गोरखपुर, फैजाबाद, महाराजगंज, आजमगढ़, अमेठी, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, देवरिया, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, बस्ती, कुशीनगर और मऊ में मतदान हो रहा। मतदान के बाद 28 अक्टूबर को गोरखपुर में मतगणना होगी, जिसके बाद प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला सामने आएगा।

गोरखपुर-फैजाबाद में मतदान शुरू
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान शुरू हो चुका है, मतदान 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा,इस चुनाव में 17 जिलों के शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जनपद अयोध्या में 11 ब्लॉक और शहर के चार मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। शहर में नगर निगम कार्यालय, अयोध्या धाम नगर निगम जोन कार्यालय, मनोहर लाल इंटर कॉलेज और बापू बालिका इंटर कॉलेज को मतदान केंद्र बनाया गया है।

आगरा MLC चुनाव के लिए वोटिंग जारी
आगरा खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन ने जिले में कुल 67 मतदेय स्थल बनाए हैं। 43,911 मतदाता आज अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस ने भी तगड़े इंतजाम किए हैं।

देवरिया में 16 बूथों पर मतदान जारी

देवरिया में शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को 16 बूथों पर हो रहा है मतदान, 4,200 मतदाता करने जा रहे है अपने मताधिकार का प्रयोग। मतदान मे कहीं कोई गड़बड़ी न हो इसके लिये सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये है।

रायबरेली में वोटिंग शुरू
रायबरेली स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर आज मतदान, लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए चुनावी प्रक्रिया। रायबरेली में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासन की है कड़ी निगरानी। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 29,261 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 4,384 मतदाता है शामिल, जिले में स्नातक के 41 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 20 मतदान केंद्र बनाये गए। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए प्रशासन है सतर्क वोटरों की है सीमित लाइनें, वोटिंग शुरू

अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (MLC) के चुनाव के लिए वोटिंग शुरू

अमरावती विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के (MLC) चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। अमरावती विभाग के पांचों जिलों में मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी, जबकि चुनाव का परिणाम 27 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा। अमरावती विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी मैदान में कुल 26 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला महायुति समर्थित किरण सरनाईक, कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस गठबंधन की अदिति पोहरे और शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के दत्तात्रय लहाने समेत कई प्रमुख उम्मीदवारों के बीच माना जा रहा है।

इसके अलावा किरण चौधरी, चंद्रशेखर भोयर, श्रीकांत देशपांडे, संगीता शिंदे, दिलीप कडू, सुरेश देवकर और डॉ. प्रशांत विखे भी चुनावी मैदान में हैं। अब सभी की निगाहें मतदान के रुझान और 27 अक्टूबर को घोषित होने वाले नतीजों पर टिकी हैं। देखना होगा कि शिक्षक मतदाता किस उम्मीदवार के पक्ष में अपना फैसला सुनाते हैं।

मुरादाबाद में मतदान आज, जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी

बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड एमएलसी चुनाव के लिए आज मतदान होगा। जनपद मुरादाबाद में कुल 12 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां 7,510 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में सदर तहसील क्षेत्र में 7, कांठ में 1, बिलारी में 2 और ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र में 2 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिलाधिकारी अनुनय झा के अनुसार चुनाव को सकुशल संपन्न हों इसके लिए करीब 50 पोलिंग पार्टियों के अलावा माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है।

तेजस्वी ने वीडियो शेयर कर X पर लिखा- राजद डरने वाली नहीं है

एमएलसी चुनाव की वोटिंग से पहले आधी रात को राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव के घर पुलिस पहुंची। तेजस्वी ने इसका वीडियो शेयर कर X पर लिखा- राजद डरने वाली नहीं है। शेयर वीडियो में दिख रहा है कि राजद कैंडिडेट के घर देर रात पुलिस पहुंची है। गेट के एक तरफ से पुलिस अधिकारी कह रहे है कि आपके आवास पर 4-5 लोगों के बाहर से आने की सूचना है, जो चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। जिसके जवाब में कहा गया ये फर्जी न्यूज है। सरकार का फ्रस्ट्रेशन है। मेरे पास जानकारी है कि बीजेपी उम्मीदवार नवल किशोर यादव के आवास पर 500 फर्जी वोटर आये हुए हैं।

वोटिंग से पहले पटना में हलचल तेज

MLC चुनाव से पहले आरजेडी प्रत्याशी संजीव कुमार के घर पहुंची पुलिस, तेजस्वी ने उठाए सवाल, आधी रात को 7 गाड़ियों में पहुंची पुलिस।

मतगणना 27 अक्टूबर को होगी

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, वोटिंग आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी और शाम 4 बजे तक चलेगी, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

कर्नाटक में किन सीटों पर होगी वोटिंग

कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों पर आज वोटिंग होगी, इनमें 2 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कर्नाटक साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स और कर्नाटक वेस्ट ग्रेजुएट्स सीट शामिल हैं, तो वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कर्नाटक नॉर्थ-ईस्ट टीचर्स और बेंगलुरु टीचर्स सीट पर मतदान होगा।

महाराष्ट्र की 5 सीटों पर होगा मतदान

महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर आज वोटिंग होगी, इनमें 3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक सीटों में औरंगाबाद डिवीजन ग्रेजुएट्स, पुणे डिवीजन ग्रेजुएट्स और नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में अमरावती डिवीजन टीचर्स और पुणे डिवीजन टीचर्स सीट पर मतदान होगा।

यूपी में किन सीटों पर आज होगी वोटिंग

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर आज मतदान होगा, जिसमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन ग्रेजुएट्स, वाराणसी डिवीजन ग्रेजुएट्स, आगरा डिवीजन ग्रेजुएट्स, मेरठ डिवीजन ग्रेजुएट्स और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट शामिल हैं। तो वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन टीचर्स, वाराणसी डिवीजन टीचर्स, आगरा डिवीजन टीचर्स, मेरठ डिवीजन टीचर्स, बरेली-मुरादाबाद डिवीजन टीचर्स और गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन टीचर्स सीट शामिल हैं।

बिहार विधान परिषद की किन सीटों पर है वोटिंग
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर आज वोटिंग होगी, इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट शामिल है, वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की सीट पर मतदान होगा।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment