Nepal PM Balendra Shah : नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह आज रविवार अपने 2 दिन के दौरे पर दिल्ली पहुंच गए. प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा है. दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका जोरदार स्वागत किया. वे पीएम नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत दौरे पर आए हैं. इस साल मार्च में पदभार संभालने के बाद से भारत की यह उनकी पहली यात्रा है, और साथ ही बतौर प्रधानमंत्री यह उनका पहला द्विपक्षीय विदेश दौरा भी है.
PM शाह का दिल्ली में इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका जोरदार स्वागत किया. नेपाली पीएम के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था. शाह आज शाम को ताज महल होटल में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे. वे इसी होटल में ठहरे हुए हैं.
इससे पहले पीएम शाह आज रविवार दोपहर 2:08 बजे नेपाल एयरलाइंस की एक नियमित उड़ान से काठमांडू से रवाना हुए थे. यह यात्रा उनके भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही है.
शाह के भारत दौरे के बीच नेपाल के प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार राजन भट्टाराई का बयान सामने आया. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह यात्रा दोनों पड़ोसी देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, कनेक्टिविटी बढ़ाने और लंबे समय से लंबित मुद्दों को सुलझाने का एक अवसर प्रदान करेगी. पीएम मोदी के साथ शाह की मुलाकात कल सोमवार को होगी.
भट्टाराई ने इस यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किसी नेपाली प्रधानमंत्री की भारत की पिछली यात्रा के लगभग ढाई साल बाद यह दौरा हो रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत राजनयिक संबंध बनाए रखने और सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए नियमित उच्च-स्तरीय बातचीत बहुत जरूरी है.
उच्च-स्तरीय दौरे और आपसी समझ महत्वपूर्ण’
उनके अनुसार, भारत और नेपाल सबसे करीबी पड़ोसी हैं, इसलिए कूटनीतिक संबंधों को मजबूत रखने और आपसी समझ बढ़ाने के लिए नियमित उच्च-स्तरीय यात्राएं अत्यंत आवश्यक हैं. उन्होंने कहा, ‘भारत और नेपाल के बीच कई तरह के मुद्दे और समझौते हैं. हम सबसे करीबी पड़ोसी हैं. जब हमारे दोनों देशों के बीच इतने सारे मुद्दे हों और सहयोग एवं समन्वय के कई क्षेत्र हों, तो उच्च-स्तरीय दौरे और आपसी समझ हमेशा महत्वपूर्ण होती है’
नेपाल के प्रमुख विकास भागीदार, सबसे बड़े व्यापारिक साझेदार और सबसे बड़े निवेशक के रूप में भारत की भूमिका का जिक्र करते हुए, भट्टाराई ने कहा कि काठमांडू को आपदा के बाद पुनर्निर्माण और संकट के समय भारत से लगातार मदद मिलने की उम्मीद है.
भारत द्वारा नेपाल को दी गई लगातार सहायता
इसके अलावा उन्होंने भूकंप और कोविड-19 महामारी जैसे कठिन समय में भारत द्वारा नेपाल को दी गई लगातार सहायता को भी याद किया. उन्होंने कहा, ‘अतीत में जब भी हम मुश्किलों का सामना कर रहे थे चाहे वह भूकंप के दौरान हो, COVID-19 महामारी के समय हो या बाद में भारत हमेशा हमारे साथ खड़ा रहा है’ उन्होंने कहा क करीबी विकास भागीदार होने के नाते यह यात्रा बहुत महत्वपूर्ण है.
इन मुद्दों पर हो सकती है दोनों देशों के बीच चर्चा
भट्टाराई ने कहा कि दोनों पक्ष कई उभरते और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाश सकते हैं. इनमें जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और विकास को गति देने के लिए उन्नत तकनीकों का उपयोग जैसे विषय शामिल हैं.
उन्होंने सड़क और हवाई संपर्क को बेहतर बनाने, पेट्रोलियम पाइपलाइनों के विस्तार और गैस पाइपलाइन संपर्क की संभावनाओं को भी ऐसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के रूप में रेखांकित किया, जिन पर बातचीत हो सकती है. उन्होंने कहा, ‘संपर्क को बेहतर बनाना, सड़क और हवाई संपर्क, और शायद नई पेट्रोलियम या गैस पाइपलाइनें – ये ऐसे क्षेत्र हैं जिन पर दोनों पक्ष चर्चा कर सकते हैं’. उन्होंने आगे कहा कि क्रिकेट के बुनियादी ढांचे और अन्य द्विपक्षीय सहयोग पहलों जैसे क्षेत्रों में भी प्रगति हो सकती है. उन्होंने जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और हाई-टेक विकास के साथ-साथ क्रिकेट व क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण जैसे मुद्दों पर आगे बढ़ने की उम्मीद जताई.
‘एमिनेंट पर्सन्स ग्रुप की लंबित रिपोर्ट का जिक्र
दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों पर, भट्टाराई ने विशेष रूप से ‘एमिनेंट पर्सन्स ग्रुप’ (EPG) की लंबित रिपोर्ट का जिक्र किया. इस समूह का गठन भारत और नेपाल ने संयुक्त रूप से किया था, ताकि द्विपक्षीय संबंधों की समग्र स्थिति की समीक्षा की जा सके. उन्होंने बताया कि दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच चर्चा और आम सहमति से तैयार की गई यह रिपोर्ट लगभग आठ वर्षों से लंबित है. उन्होंने उम्मीद जताई कि शाह की यात्रा के दौरान इस मुद्दे पर बात होगी.
भट्टाराई ने आशा व्यक्त की कि इस लंबित रिपोर्ट पर ध्यान दिया जाएगा और दोनों पक्ष किसी सकारात्मक समाधान की दिशा में आगे बढ़ेंगे.उन्होंने कहा, ‘हमें भारत के साथ बहुत अच्छे संबंधों की आवश्यकता है और हम यही उम्मीद करते हैं’.
दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर आएंगे बालेंद्र शाह
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन) आज दो दिवसीय आधिकारिक दौरे के लिए भारत आए हैं. उनके साथ 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी साथ आया है. वह आज विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे, जबकि कल सोमवार (23 नवंबर) को पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी उनकी मुलाकात होगी.