Nitin Nabin : झारखंड में फिर खिलेगा भाजपा का कमल, संगठन को नई धार देने में जुटे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन

Bindash Bol

Nitin Nabin : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने झारखंड दौरे के दूसरे दिन पार्टी संगठन को मजबूत बनाने का स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि राज्य में भाजपा का कमल एक बार फिर अपने पुराने वैभव के साथ खिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त और सक्रिय बनाने का आह्वान किया।

प्रदेश कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक

दो दिवसीय झारखंड दौरे पर पहुंचे नितिन नबीन ने रविवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

“रांची हमारा दूसरा घर, कमल फिर खिलेगा”

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन नबीन ने भरोसा जताया कि झारखंड में भाजपा फिर से मजबूत जनाधार के साथ उभरेगी। उन्होंने कहा, “झारखंड भाजपा की सोच और संघर्ष का परिणाम है। इस राज्य का गठन भाजपा ने किया था और इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम भी भाजपा का ही कार्यकर्ता करेगा।”
उन्होंने रांची को अपना दूसरा घर बताते हुए कहा कि यह संकल्प लेने का समय है कि राज्य में भाजपा का कमल फिर उसी मजबूती और व्यापक जनसमर्थन के साथ खिले, जैसा पहले था।

बूथ स्तर पर मजबूती ही जीत की कुंजी

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और ऊर्जावान बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सत्ता में वापसी का मार्ग मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से होकर गुजरता है।

व्यवहार और आचरण से बढ़ेगा जनाधार

भाजपा के पूर्व विधायक और पार्टी प्रवक्ता अमित मंडल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि उनका व्यवहार, कार्यशैली और जनता के प्रति समर्पण ही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आचरण और जनसेवा के माध्यम से पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचा सकता है।
झारखंड दौरे के दौरान नितिन नबीन का पूरा फोकस संगठन को नई ऊर्जा देने, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी को तैयार करने पर रहा।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment