Patna Student Protest : पटना में फिर आमने-सामने सरकार और छात्र… CM आवास घेराव के दौरान बैरिकेडिंग तोड़ी, सुरक्षा बलों से तीखी झड़प

Bindash Bol

Patna Student Protest :  बिहार की राजधानी पटना की सड़कें एक बार फिर छात्र आंदोलन की गवाह बनीं। मंगलवार को विभिन्न छात्र संगठनों से जुड़े हजारों अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए और मुख्यमंत्री आवास तथा लोकभवन का घेराव करने के लिए कूच किया। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा और लोहे की चादरों वाली विशेष बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए छात्रों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया।

सड़क पर उतरा आक्रोश, छावनी में तब्दील हुई राजधानी

​छात्रों के पूर्व-निर्धारित मार्च को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त कर रखे थे। गांधी मैदान, जेपी गोलंबर, डाकबंगला चौराहा और आयकर गोलंबर समेत सभी प्रमुख मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल, दंगा नियंत्रण वाहन (वज्र) और वाटर कैनन तैनात किए गए थे।

​बैरिकेडिंग के पास छात्रों के जुटते ही पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल लगातार सतर्क है।

प्रशासन के साथ वार्ता विफल, फिर लिया आंदोलन का फैसला

​इससे पहले सोमवार को सरकार के निर्देश पर शिक्षा सचिव, पटना के डीएम और एसएसपी समेत आला अधिकारियों ने छात्र प्रतिनिधियों के साथ करीब दो से तीन घंटे तक वार्ता की थी। कई मुद्दों पर सहमति बनने के बावजूद BPSC TRE-4 में नेगेटिव मार्किंग हटाने और परीक्षा को एक ही चरण में कराने जैसे मुख्य बिंदुओं पर बात नहीं बन सकी। बातचीत बेनतीजा रहने के बाद छात्र संगठनों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान कर दिया।

छात्रों की प्रमुख मांगें

* ​BPSC TRE-4 में सुधार: शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) में नेगेटिव मार्किंग पूरी तरह खत्म की जाए और पहले की तरह केवल एक ही चरण में परीक्षा आयोजित हो।

* ​70वीं BPSC परीक्षा: 70वीं BPSC परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए।

* ​’एक उम्मीदवार, एक रिजल्ट’: भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के लिए ‘एक अभ्यर्थी, एक परिणाम’ की नीति लागू हो।

* ​BSSC संविदा वेटेज की समाप्ति: BSSC भर्तियों में संविदा कर्मियों को मिलने वाला अतिरिक्त वेटेज हटाया जाए।

* ​परीक्षा तिथियों की घोषणा: CGL-4, BSO और AEDO जैसी लंबित परीक्षाओं की तारीखें तुरंत जारी की जाएं।

* ​डोमिसाइल और स्थायी रोजगार: राज्य में सख्त डोमिसाइल नीति लागू हो और संविदा प्रणाली बंद कर स्थायी नियुक्तियां दी जाएं।

Share This Article
Leave a Comment