* मोहित ने दिलाई रोमांचक जीत, आखिरी गेंद पर चैंपियन बना भारत, पाकिस्तान को हराया
U-19 Asia Cup Final: भारत ने अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया है. एक रोमांचक मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम ने फाइनल में आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को हरा दिया और 1 विकेट से फाइनल जीतने के साथ ट्रॉफी भी अपने नाम कर ली. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए थे. इसके जवाब में भारत ने 252 रन पर ही 8 विकेट गंवा दिए थे. मगर मोहित उल्वा और मनल चौहान ने टीम इंडिया की वापसी कराई और फिर आखिरी गेंद पर जब 3 रन की जरूरत थी, तो मोहित ने चौका जमाकर भारत को चैंपियन बना दिया. इसके साथ ही भारत ने अंडर-19 लेवल पर अपना सबसे बड़ा रन चेज का रिकॉर्ड भी बना दिया.
ओमान में हुए इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के सामने पाकिस्तान से पिछले एशिया कप के फाइनल में मिली हार का हिसाब बराबर करने का लक्ष्य था. फिर ग्रुप स्टेज में मिली दिल तोड़ने वाली हार ने इस लक्ष्य को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया था. फाइनल में जिस तरह से पाकिस्तान की बैटिंग, बॉलिंग और सबसे बड़ी बात- फील्डिंग रही, उसने भारत को हार के कगार पर धकेल दिया था लेकिन मनल और मोहित ने पासा पलट दिया और टीम को चैंपियन बना दिया.
उस्मान ने जड़ा शतक
इस फाइनल में पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने 337 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर ने धमाकेदार बल्लेबाजी की. ओपनर उस्मान खान ने एक बेहतरीन शतक जमाया और 107 रन की पारी खेली. वहीं अब्दुल कादिर ने तो सिर्फ 54 गेंदों में ताबड़तोड़ 80 रन ठोक दिए, जिसमें 8 छक्के और 3 चौके शामिल थे. उनके अलावा कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 63 रन का योगदान दिया. भारत के लिए काव्य पटेल ने 4 और चिगुरुपति वेंकटा ने 3 विकेट झटके.
सहवाग का तेज आगाज, फिर लड़खड़ाई पारी
इसके जवाब में भारत के लिए आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (80) ने भी अच्छी शुरुआत की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े, जिसमें सहवाग की 58 रन की तेज पारी शामिल थी. कुछ देर में लक्ष्य ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया. मगर मिडिल ऑर्डर में भारतीय बल्लेबाज विकेट गंवाते रहे, जिसमें पाकिस्तान की बेहतरीन कैचिंग और ग्राउंड फील्डिंग का योगदान था. भारत ने सिर्फ 252 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे.
मोहित-मनल ने ऐसे दिलाई जीत
अब आखिरी 51 गेंदों में भारत को 86 रन की जरूरत थी. ऐसे में 7वें नंबर के बल्लेबाज मनल चौहान को मिला 10वें नंबर के बल्लेबाज मोहित उल्वा. बतौर तेज गेंदबाज मोहित के लिए ये फाइनल अच्छा नहीं रहा था और 8 ओवर में उन्होंने बिना विकेट लिए 57 रन लुटा दिए थे. मगर बल्ले से उन्होंने इसका हिसाब बराबर किया. मनल (47) और मोहित ने काउंटर अटैक करते हुए सिर्फ 35 गेंदों में 57 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी करते हुए वापसी कराई.
मगर 309 के स्कोर पर मनल आउट हो गए और भारत हार से सिर्फ 1 विकेट दूर था. ऐसे में मोहित के साथ आखिरी बल्लेबाज वेंकटा आए. वेंकटा ने भी 2 चौके जमाए और मोहित के साथ मिलकर टीम को जीत के करीब ले गए. आखिरी ओवर में 8 रन की जरूरत थी, जिसमें से शुरुआती 5 गेंदों में सिर्फ 5 रन आए. अब आखिरी गेंद पर 3 रन चाहिए थे और मोहित ने शानदार चौका जमाकर भारत को चैंपियन बना दिया. मोहित 26 गेंदों में 49 रन बनाकर नाबाद लौटे.