UP News : ​‘PDA मतलब पीट देगा अशफाक गैंग’… आजम को गृहमंत्री बनाने के दावे पर राजभर का अखिलेश पर भीषण प्रहार, दी खुली चुनौती

Bindash Bol

UP News : सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के खिलाफ राजनीतिक मोर्चा खोलते हुए बेहद आक्रामक हमला बोला है। शिवपाल यादव द्वारा सपा की सरकार बनने पर आजम खान को गृहमंत्री बनाए जाने के दावे पर पलटवार करते हुए राजभर ने सपा की कानून-व्यवस्था, मंशा और पिछड़ों-दलितों की सुरक्षा को लेकर कई चुभते सवाल दागे हैं।

‘गांव बसा नहीं, लुटेरे पहले आ गए’

​राजभर ने सीधे अखिलेश यादव को ललकारते हुए अपने बयान की शुरुआत एक कहावत से की—“ए अखिलेश बाबू! गांव बसा नहीं और लुटेरे पहले ही आ गए।” उन्होंने तंज कसा कि आजम खान को गृहमंत्री बनाने की बात सामने आते ही सपा का ‘PDA’ जोश में आ गया है, जिसे उन्होंने नया नाम देते हुए ‘पीट देगा अशफाक गैंग’ करार दिया।
​लखनऊ के पारा इलाके की घटना का हवाला देते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि सपा नेताओं की शह पर ‘इमरान एंड फ्रेंड्स’ जैसे तत्व पुलिस के इकबाल को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं।

‘क्या शहर-शहर मुजफ्फरनगर दंगा दोहराना चाहते हैं अखिलेश?’

​राजभर ने आजम खान के नाम पर सपा को कटघरे में खड़ा करते हुए तीखा सवाल दागा…

* ​क्या अखिलेश यादव आजम खान को गृहमंत्री बनाकर यूपी के हर शहर में मुजफ्फरनगर जैसे दंगों की आग भड़काना चाहते हैं?

* ​क्या सपा का असली सपना हर चौराहे पर खाकी वर्दी का गिरेबान खींचना और गुंडाराज को दोबारा स्थापित करना है?

‘रामपुरी चाकू का खौफ और बहुजनों पर जुल्म’

​सुभासपा चीफ ने आरोप लगाया कि सपा सत्ता के लिए इसलिए छटपटा रही है ताकि…

* ​‘रामपुरी चाकू’ का खौफ दिखाकर गैर-यादव पिछड़ों और बहुजनों को गांव-गांव में प्रताड़ित किया जा सके।

* ​‘जर, जोरू और जमीन’ पर अवैध कब्जे करवाए जा सकें और बहन-बेटियों की सुरक्षा को ताक पर रख दिया जाए।

​राजभर ने हमला जारी रखते हुए कहा, “अखिलेश बाबू, इस जन्म में सत्ता का सपना देखना छोड़ दीजिए। अगली पैदाइश में आजम खान को गृहमंत्री बनाने की तैयारी कीजिएगा।”

बाबा साहेब के अपमान पर घेरा, बहुजन समाज में डर का दावा

​आजम खान के पुराने बयानों की याद दिलाते हुए राजभर ने कहा कि जिस शख्स ने अखिलेश यादव के मंच और मौजूदगी में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को ‘भू-माफिया’ तक कह डाला, उसे गृहमंत्री बनाने की तैयारी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे व्यक्ति के हाथ में गृह मंत्रालय आने की कल्पना मात्र से ही समूचा बहुजन समाज सहमा हुआ है और सपा को बहुजनों को डराने में ही आनंद आता है।

अखिलेश को सीधी चुनौती: ‘दम है तो एक बार लिखकर दिखाएं!’

​अपने तीखे हमले के अंत में राजभर ने सपा प्रमुख को सीधी राजनीतिक चुनौती दी:
​“अगर अखिलेश यादव में रत्ती भर भी दम है, तो अपने सोशल मीडिया या एसी प्रेस कॉन्फ्रेंस से सिर्फ एक बार यह साफ ऐलान कर दें कि आजम खान को कभी गृहमंत्री नहीं बनाएंगे। कर पाएंगे ऐसा? है दम?”

Share This Article
Leave a Comment