Yogi Government :लखनऊ: उत्तर प्रदेश की समृद्ध और ऐतिहासिक पाक विरासत को अब पूरी दुनिया चखेगी। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) की अपार सफलता के बाद, योगी सरकार ने प्रदेश के पारंपरिक स्वादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है। सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन’ (ODOC) के आधिकारिक डिजिटल पोर्टल www.odoc-up.in का शुभारंभ कर दिया है।
यह अनूठा डिजिटल मंच उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों की खास डिशेज, स्थानीय व्यंजनों और खाद्य उद्यमियों को एक ही क्लिक पर एक साझा प्लेटफॉर्म पर लेकर आया है।
पाक कला से पर्यटन और रोजगार को रफ्तार
योगी सरकार की ‘स्थानीय से वैश्विक’ (Local to Global) की सोच पर आधारित इस पहल का उद्देश्य केवल खान-पान की विविधता दिखाना नहीं, बल्कि इसे पर्यटन, उद्यमिता, रोजगार और खाद्य प्रसंस्करण से जोड़ना है।
* नए बाजारों तक पहुंच: इससे स्थानीय फूड वेंडर्स, छोटे उद्यमियों और निर्यातकों को अपने उत्पादों के लिए नया और बड़ा बाजार मिलेगा।
* आर्थिक मजबूती: पारंपरिक व्यंजनों की ब्रांडिंग और पैकेजिंग से स्थानीय स्तर पर आर्थिकी मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर क्या-क्या मिलेगा खास?
इस पोर्टल को बहुत ही व्यवस्थित तरीके से डिजाइन किया गया है, जहाँ नागरिकों, पर्यटकों और निवेशकों के लिए कई उपयोगी सेक्शन्स उपलब्ध हैं…
* डिस्ट्रिक्ट कुज़ीन (District Cuisine): यूपी के अलग-अलग क्षेत्रों (ब्रज, अवध, बुंदेलखंड, पूर्वांचल, रुहेलखंड और पश्चिमी यूपी) के पारंपरिक स्वादों की पूरी जानकारी।
* स्टेकहोल्डर डायरेक्टरी: ओडीओसी से जुड़े उद्यमियों और कारोबारियों का नेटवर्क।
* स्कीम्स एंड पॉलिसीज: सरकार द्वारा चलाई जा रही खाद्य प्रसंस्करण और उद्योग से जुड़ी योजनाएं।
* सफलता की कहानियां (Success Stories): स्थानीय उद्यमियों के संघर्ष और सफलता के प्रेरणादायक वीडियो व लेख।
* इवेंट्स और गैलरी: प्रदेशभर में होने वाले फूड फेस्टिवल्स और सांस्कृतिक आयोजनों के अपडेट्स।
संस्कृति और कारोबार का अनूठा संगम
उत्तर प्रदेश का खान-पान केवल स्वाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यहां के इतिहास, संस्कृति और कृषि परंपराओं की कहानी कहता है। ‘ओडीओसी’ पोर्टल के जरिए अब दुनिया भर के फूड लवर्स और पर्यटक यूपी के कोने-कोने के अनूठे जायके से आसानी से रूबरू हो सकेंगे।
ओडीओपी (ODOP) की तर्ज पर शुरू की गई यह पहल आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को ‘फूड टूरिज्म’ का एक बड़ा हब बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
