IPL 2026:मुल्लांपुर के मैदान पर रनों की ऐसी सुनामी आई जिसने आईपीएल के कई रिकॉर्ड्स को अपनी चपेट में ले लिया। पंजाब किंग्स के 222 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य को राजस्थान रॉयल्स ने अपनी जांबाज बल्लेबाजी के दम पर बौना साबित कर दिया। इस सीजन की अब तक की सबसे सफल टीम पंजाब को उनके घर में ही 6 विकेट से हराकर राजस्थान ने न केवल 2 अंक हासिल किए, बल्कि अपनी ताकत का लोहा भी मनवाया। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस जीत के असली हीरो कौन रहे।

डोनावोन फरेरा
जब मैच बीच के ओवरों में फंसा हुआ था, तब फरेरा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अपनी पारी में गजब की टाइमिंग और पावर दिखाई। 52 रनों की उनकी पारी ने सुनिश्चित किया कि राजस्थान को आखिरी ओवरों में बहुत ज्यादा रन न बनाने पड़ें। उन्होंने स्पिन और पेस दोनों को बखूबी खेला।

यशस्वी जायसवाल
इतने बड़े लक्ष्य के सामने अक्सर टीमें बिखर जाती हैं, लेकिन यशस्वी ने पहले ओवर से ही बाउंड्री की बौछार कर दी। 27 गेंदों में 51 रन बनाकर उन्होंने टीम को वो बेस दिया जिसकी बदौलत राजस्थान ने 11 रन प्रति ओवर की औसत को मेंटेन रखा। उनकी अच्छी शुरुआत के कारण ही RR ने इस विशाल स्कोर का पीछा किया।

वैभव सूर्यवंशी
सिर्फ 15 साल के इस खिलाड़ी ने अपनी बल्लेबाजी से दिग्गजों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। वैभव ने किसी बड़े नाम की परवाह किए बिना 16 गेंदों में 43 रन ठोक दिए। उन्होंने पंजाब के सबसे अनुभवी गेंदबाजों को निशाने पर लिया और 5 गगनचुंबी छक्के जड़े। टीम को तेज शुरुआत दिलाने में वैभव का रोल सबसे अहम रहा।

शुभम दुबे
पारी के अंतिम क्षणों में जब प्रेशर सबसे ज्यादा था, तब शुभम दुबे ने अपनी क्लास दिखाई। उन्होंने महज 12 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाकर मैच को अंजाम तक पहुंचाया। उनकी कूलनेस ने टीम को लक्ष्य के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

रवींद्र जडेजा
जहां पंजाब के बल्लेबाज 12-14 की इकोनॉमी से रन बना रहे थे, वहां जडेजा ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ से उन्हें बांधे रखा। उन्होंने 4 ओवर में मात्र 32 रन खर्च किए। उनके इस स्पेल की वजह से पंजाब का स्कोर 240 तक नहीं पहुंच पाया, जो मैच का निर्णायक मोड़ रहा।