* गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन: यूपी के इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव
GangaExpressway : उत्तर प्रदेश में आज का दिन बुनियादी ढांचे के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने वाले हैं. यह परियोजना मेरठ से प्रयागराज को जोड़ती है और इसे लगभग ₹36,000 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है. इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से न केवल यात्रा समय 6 से 8 घंटे तक सीमित होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच आर्थिक और औद्योगिक संपर्क भी तेज होगा. शाहजहांपुर में बनाई गई इमरजेंसी हवाई पट्टी इसे रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण बनाती है.

गंगा एक्सप्रेसवे सिर्फ एक सड़क प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि आगे बढ़ते उत्तर प्रदेश के विकास की नई इबारत है. अदाणी ग्रुप की अदाणी रोड ट्रांसपोर्ट लिमिटेड ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को रिकॉर्ड समय में पूरा कर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की नई मिसाल कायम की है. मेरठ से प्रयागराज तक करीब 600 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे यात्रा के समय को क्रांतिकारी रूप से घटाएगा. जहां पहले यह सफर 10 से 12 घंटे में पूरा होता था, वही दूरी अब सिर्फ 5 से 6 घंटे में तय की जा सकेगी.
उत्तर प्रदेश के 12 जिलों और 519 गांवों को सीधे जोड़ने वाला यह एक्सप्रेसवे एक स्मार्ट और अत्याधुनिक कॉरिडोर है. पूरे रूट पर 9 वर्ल्ड‑क्लास फैसिलिटी सेंटर्स विकसित किए गए हैं, जहां 24 घंटे पेट्रोल, डीजल, CNG, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग, डॉर्मिटरी, स्टे सेंटर, स्पा, फूड कोर्ट और कैफेटेरिया की सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही यहां 200 कार और 20 ट्रकों की पार्किंग व्यवस्था भी की गई है.

एक्सप्रेसवे पर ट्रॉमा सेंटर की सुविधा’
देश में पहली बार किसी एक्सप्रेसवे पर ट्रॉमा सेंटर की सुविधा दी गई है. ये सेंटर छोटे अस्पताल की तरह काम करेंगे, ताकि किसी दुर्घटना के दौरान घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके. सरकारी और प्राइवेट मेडिकल वेंडर्स के साथ टाई‑अप कर यहां पूरी मेडिकल फैसिलिटी उपलब्ध कराई जाएगी.
देश का सबसे बड़ा डिजिटल हाईवे बनेगा गंगा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में न केवल आर्थिक तरक्की का नया रास्ता बनेगा, बल्कि ये टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भी नायाब नजीर बन रहा है. मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी के इस एक्सप्रेसवे के निर्माण में लाखों टन कचरे का इस्तेमाल हुआ है. साथ ही 18 लाख पेड़ लगाए गए हैं. एक्सप्रेसवे के साथ ही ऑप्टिकल फाइबर, बिजली और गैस पाइपलाइन भी गुजरेंगी, जिससे यूपी सरकार को हर साल अरबों रुपये का फायदा होने वाला है. एक्सप्रेसवे के मेंटेनेंस का खर्च खुद डिजिटल नेटवर्क ही निकल जाएगा.
डिजिटल हाईवे बनेगा गंगा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेसवे के साथ 2 मीटर चौड़ा यूटिलिटी कॉरिडोर बनाया गया है. इंटरनेट केबल बिछाने या मरम्मत के लिए एक्सप्रेसवे की सड़क को कभी खोदना नहीं पड़ेगा. इस प्री-बिल्ट कॉरिडोर के भीतर ऑप्टिकल फाइबर (OFC), गैस पाइपलाइन, बिजली के तार या कोई और वायर बिछाई जा सकती है. एक्सप्रेसवे के नीचे ये डार्क फाइबर उत्तर प्रदेश के उन 519 गांवों और पिछड़े जिलों के लिए ब्रॉडबैंड हाईवे का काम करेगा, हर गांव को हाईस्पीड 5G कनेक्टिविटी मिलेगी.इस फाइबर नेटवर्क से एक्सप्रेसवे के किनारे एज डेटा सेंटर (Edge Data Centers) बनाए जा सकते हैं, जो यूपी को बेंगलुरु या हैदराबाद जैसा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर देंगे.
लंबा एनर्जी कॉरिडोर
एक्सप्रेसवे के यूटिलिटी कॉरिडोर में केबल के साथ नेचुरल गैस पाइपलाइन का भी विकल्प है. प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा परियोजना के तहत एक्सप्रेसवे के किनारे बसे गांवों और उद्योगों को सस्ती पीएनजी (PNG) और सीएनजी (CNG) मिल सकेगी.
हादसों पर अलर्ट देंगी स्मार्ट ‘आंखें’

स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग के तहत गंगा एक्सप्रेसवे सेंसर वाली एलईडी लाइटों से लैस है. इसके लिए बिजली और डेटा लाइनें इसी कॉरिडोर में बिछाई गई हैं. हर 2-3 किलोमीटर पर लगे हाई-रेज़ोल्यूशन कैमरे और सेंसर इसी फाइबर से जुड़े हैं.जमीन के नीचे छिपे डिजिटल फाइबर नेटवर्क से एक्सप्रेसवे का स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (STMS) काम करेगा. जैसे ही कोई गाड़ी रुकती है या कोई हादसा होता है तो स्मार्ट अलर्ट सिस्टम से पलक झपकते ही कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजा जाएगा. एंबुलेंस या पेट्रोलिंग टीम कुछ मिनटों में पहुंच जाएगी. रोड एक्सीडेंट में किसी को हेल्प के लिए इमरजेंसी कॉल का इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
हादसा होते ही खुदबखुद बजेगा अलार्म
गंगा एक्सप्रेसवे का STMS (Smart Traffic Management System) कंट्रोल रूम किसी वार रूम जैसा 24 घंटे काम करेगा. कंट्रोल रूम में एक विशाल वीडियो वॉल (Video Wall) दिखती है, जिस पर सैकड़ों कैमरों की लाइव फीड एक साथ चलती है. एक्सप्रेसवे के हर 2-3 किलोमीटर पर लगे हाई-डेफिनिशन PTZ कैमरे इस वॉल से जुड़े होते हैं. यहां इंजीनियर 24/7 शिफ्ट में इंजीनियर पूरे 594 किमी के एक्सप्रेसवे की रियल टाइम डिजिटल निगरानी करेंगे. कहीं भी ट्रैफिक धीमा होता है तो रेड अलर्ट होगा.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ताकत
स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम AI वीडियो रिकॉर्डिंग की पड़ताल भी करेगा. अगर कोई वाहन गलती से या जानबूझकर गलत दिशा में मुड़ता है तो AI तुरंत अलार्म बजा देगा. कंट्रोल रूम के मॉनिटर पर उस गाड़ी का फ्रेम लाल हो जाएगा. अगर कोई गाड़ी एक्सप्रेसवे पर 2 मिनट से ज्यादा ठहरती है तो AI इसे जोखिम मानते हुए निकटतम हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट को जीपीएस (GPS) से लोकेशन भेज देगा. बिना किसी दखलंदाजी के AI हर गाड़ी की स्पीड का आकलन करेगा और उल्लंघन करने पर ऑटोमैटिक ऑनलाइन ट्रैफिक चालान भेज देगा.
कोयले की राख का इस्तेमाल
कोयले के जलने से निकलने वाली हानिकारक राख (फ्लाई ऐश) को गंगा एक्सप्रेसवे में इस्तेमाल कर इसे वरदान बना दिया. एक्सप्रेसवे निर्माण में लगभग 65 से 70 लाख टन राख का इस्तेमाल हुआ है. ऊंचाहार (रायबरेली), टांडा और दादरी के थर्मल पावर प्लांट ये राख लाई गई. इंजीनियरों ने पहली बार इतने बड़े पैमाने पर सड़क की नींव को ऊंचा करने के लिए राख का इस्तेमाल किया.इससे करीब 100-120 लाख घन मीटर उपजाऊ मिट्टी को बचाया गया.
लाखों टन कचरे का यूज कर करोड़ों बचाए
राख मिट्टी से हल्की होती है, लेकिन पानी के साथ मजबूती से चिपकने से सड़क धंसने का खतरा कम हो जाता है. राख के इन पहाड़ों (Ash Dykes) से हवा और पानी को प्रदूषित होती है. इस ग्रीन हाईवे पहल ने लाखों टन कचरे को जमीन के नीचे सुरक्षित तरीके से दबा दिया. कचरे को पावर प्लांट से सीधे साइट तक पहुंचाया गया.राख को सर्विस रोड और कंक्रीट मिक्स कर सीमेंट का 10-15% उपयोग कम कर करोड़ों रुपये बचाए गए.

गंगा एक्सप्रेसवे पर कंक्रीट क्रैश बैरियर
गंगा एक्सप्रेसवे में रिकॉर्ड 24 घंटे के भीतर 10.3 किलोमीटर लंबा कंक्रीट क्रैश बैरियर (Crash Barrier) बिछाया गया. इसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया. हाईवे, एक्सप्रेसवे के घुमावदार मोड़, जोखिम वाली जगहों पर ये क्रैश बैरियर बनाया जाता है. हादसे के वक्त 80 से 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के वाहनों की टक्कर को रोकने में ये सक्षम होते हैं. जीरो-कट तकनीक से बिना किसी ज्वाइंट के रातोंरात स्लिप-फॉर्म पेवर (Slip-form Paver) मशीनों से ये बैरियर बनाए गए. दिन-रात हजारों मजदूरों ने एक साथ काम करके ये जर्सी बैरियर बनाए.
गंगा एक्सप्रेसवे रूट का 80 फीसदी अदाणी ग्रुप ने बनाया
गंगा एक्सप्रेसवे का 80 फीसदी निर्माण अदाणी ग्रुप (Adani Enterprises Ltd) ने किया है. गंगा एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 594 किमी है. इसमें से अदाणी ग्रुप ने 464 किमी लंबे हिस्से का निर्माण किया है. यह हिस्सा बदायूं से शुरू होकर प्रयागराज तक फैला है. गंगा एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट को कुल 12 पैकेज में था, इनमें से पैकेज 4 से पैकेज 12 तक का काम अदाणी ग्रुप के पास था. अदाणी ग्रुप ने इस एक्सप्रेसवे को DBFOT (Design, Build, Finance, Operate and Transfer) मॉडल पर बनाया है. इस 464 किलोमीटर के हिस्से पर 30 साल का टोल और संचालन का अधिकार रहेगा. 17 हजार करोड़ की लागत वाला यह भारत का सबसे बड़ा निजी एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट है.
क्या हैं गंगा एक्सप्रेस-वे की खासियतें? आंकड़ों में जानें
गंगा एक्सप्रेस-वे भारत के सबसे लंबे और आधुनिक एक्सप्रेस-वे में से एक है.
सैन्य और आपातकालीन इस्तेमाल की क्षमता
* शाहजहांपुर के जलालाबाद में एक्सप्रेस-वे पर 3.5 किलोमीटर लंबी आपातकालीन हवाई पट्टी बनाई गई है.
* यह देश की पहली ऐसी हवाई पट्टी है जहां भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान दिन और रात दोनों समय सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ कर सकते हैं.
* बीते साल इस हवाई पट्टी पर राफेल, सुखोई 30-एमकेआई, मिराज-2000, एएन-32 और एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर की लैंडिंग और टेकऑफ का परीक्षण किया गया था.
संरचना और निर्माण
लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेस-वे में 14 लंबे पुल, जिसमें हापुड़ में गंगा नदी पर 900 मीटर और बदायूं में रामगंगा पर 720 मीटर लंबा पुल शामिल हैं. इसके अलावा सात रेलवे ओवरब्रिज, 32 फ्लाईओवर और 453 अंडरपास शामिल हैं.

सुरक्षा और गति सीमा
* वाहन चालकों की नींद और थकान दूर करने के लिए किनारे पर रंबल स्ट्रिप्स लगाई गई हैं, जो कंपन पैदा कर चालकों को सचेत करेंगी और हादसों का खतरा कम करेंगी.
* वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है. निगरानी-सुरक्षा के लिए पूरे एक्सप्रेस-वे पर सीसीटीवी और स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं.
* दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इस एक्सप्रेस-वे पर दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित किया गया है.
आर्थिक विकास और अन्य सुविधाएं
* रास्ते में यात्रियों के लिए विश्राम स्थल, भोजनालय, पेट्रोल पंप और आपात स्थिति के लिए ट्रॉमा सेंटर जैसी सार्वजनिक सुविधाएं मौजूद हैं.
* इसके दोनों ओर गंगा औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है, जिसमें आईटी पार्क, फार्मा पार्क और टेक्सटाइल पार्क बनेंगे, जिससे रोजगार और व्यापार को भारी बढ़ावा मिलेगा.
* दावा किया जा रहा है कि इसके शुरू होने से देश के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 55% से बढ़कर करीब 60 प्रतिशत हो जाएगी.
गंगा एक्सप्रेस-वे का आर्थिक महत्व कितना ज्यादा?
आर्थिक अहमियत
1. औद्योगिक कॉरिडोर का विकास और भारी निवेश
एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ गंगा औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है. इसके तहत मेरठ, बदायूं, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज के आसपास फार्मा पार्क, टेक्सटाइल (कपड़ा) पार्क और आईटी पार्क स्थापित करने की सरकारी योजना है. उत्तर प्रदेश सरकार ने मेरठ में एक्सप्रेस-वे के प्रवेश और निकास बिंदुओं के ठीक बगल में एक नया औद्योगिक शहर बसाने के लिए जमीन का अधिग्रहण भी कर लिया है. यह नया कॉरिडोर देश-विदेश से भारी निवेश आकर्षित कर सकता है.
2. व्यापार और लॉजिस्टिक्स लागत में कमी
यह एक्सप्रेस-वे पश्चिमी यूपी को पूर्वी यूपी से सीधे जोड़ता है, जिससे 12 घंटे का सफर मात्र छह से सात घंटे में पूरा हो जाएगा. इतनी बेहतर कनेक्टिविटी के कारण लॉजिस्टिक्स (माल ढुलाई) की लागत और समय में भारी कमी आएगी, जो उद्योगों और व्यापार जगत के लिए मददगार साबित होगी.
3. किसानों की आय और कृषि अर्थव्यवस्था में सुधार
इस तेज मार्ग के खुलने से किसानों के कृषि उत्पाद बहुत तेजी से बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे. खासकर जल्दी खराब होने वाले उत्पादों की सप्लाई चेन मजबूत होने की संभावना है, जिससे उत्पादों की गुणवत्ता बरकरार रहेगी. इसके अलावा बुनियादी ढांचे के विकास, नए उद्योगों की स्थापना, व्यापार और वाणिज्य में बढ़ोतरी के कारण इस पूरे क्षेत्र (12 जिलों) के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा हो सकते हैं.
4. धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा
यूपी सरकार का कहना है कि यह एक्सप्रेस-वे प्रयागराज जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक यात्रा को बेहद आसान और तेज बना देगा. इससे महाकुंभ और अन्य स्नान पर्वों पर पर्यटकों व श्रद्धालुओं की संख्या (फुटफॉल) में भारी बढ़ोतरी होगी, जिससे प्रयागराज और आसपास की स्थानीय अर्थव्यवस्था को काफी मजबूती मिलेगी.
5. ग्रामीण-शहरी अर्थव्यवस्था और राजस्व जुटाने का लक्ष्य
यह परियोजना राज्य के 12 जिलों और लगभग 518 से 519 गांवों को सीधे तौर पर जोड़ती है. इससे न केवल शहरी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियां बहुत तेजी से बढ़ेंगी. इसके अलावा नए वित्तीय वर्ष (2026-27) में शुरू होने जा रहे टोल संचालन से सरकार के राजस्व में भी बड़ी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.