Bengal Politics : पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया है. गुरुवार को टीएमसी नेताओं ने स्ट्रॉन्ग रूम में गड़बड़ी का आरोप लगाया. इस दौरान बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं में बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. टीएमसी ने दावा किया कि कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में रखे बैलेट बॉक्स के साथ छेड़छाड़ की जा रही है. इसको लेकर टीएमसी के वरिष्ठ नेता डॉ. शशि पांजा और कुणाल घोष पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ स्टेडियम के बाहर धरने पर बैठ गए थे.
वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद सखावत मेमोरियल स्कूल में बने स्ट्रॉन्ग रूम पहुंच गईं, जहां उनकी विधानसभा सीट भवानीपुर की इवीएम मशीनें रखी हुई हैं. स्ट्रॉन्ग रूम से बाहर निकलकर ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बल उन्हें स्ट्रॉन्ग रूम में नहीं जाने दे रहे थे. बाद में वह इजाजत लेकर अंदर गईं.
स्ट्रॉन्ग रूम से बाहर निकलकर उन्होंने ईवीएम में छेड़छाड़ और धांधली का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम और मतगणना लूटने की कोशिश की जाएगी तो हम लड़ेंगे. अगर गड़बड़ी हुई तो हम लड़ेंगे.
‘ये बिहार, महाराष्ट्र या दिल्ली नहीं’
वहीं एक्स पर ममता बनर्जी का वीडियो शेयर करते हुए टीएमसी ने लिखा कि यह बिहार, महाराष्ट्र या दिल्ली नहीं हैं, बंगाल है. आपकी इस साजिश का जवाब दिया जाएगा. टीएमसी ने अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वोट की रक्षा कीजिए, वरना परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहिए.
बंगाल के लिए सबसे साफ एग्जिट पोल
इस बीच बीजेपी नेता अमित मालवीय ने भी एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि, ममता बनर्जी का यह नाटकीय रवैया शायद पश्चिम बंगाल के लिए सबसे साफ एग्जिट पोल है. हालात क्या इशारा कर रहे हैं, यह साफ दिख रहा है और उससे ध्यान भटकाने की बेताबी भी साफ नजर आ रही है.
बीजेपी ने जताया कड़ा विरोध
भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी खुद उम्मीदवार हैं और उनके मुकाबले में बीजेपी की ओर से शुवेंदु अधिकारी मैदान में हैं. ममता के स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचने पर बीजेपी ने कड़ा विरोध जताया. इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता भी मौके पर डटे रहे और उन्होंने साफ किया कि जब तक ममता बनर्जी वहां से नहीं हटेंगी, वे भी पीछे नहीं हटेंगे.
शुवेंदु अधिकारी के प्रतिनिधि और वकील सूर्यनील दास इस दौरान स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर भड़क गए. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का स्ट्रॉन्ग रूम में जाना असंवैधानिक है. उन्हें अंदर जाने की मंजूरी कैसे दे दी गई. इस मुद्दे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की.
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
वहीं भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने टीएमसी के वाहन का रास्ता रोक दिया. कार्यकर्ताओं ने कहा कि गाड़ी में कुछ है. ममता बनर्जी अपने साथ कुछ लाई हैं. इसको आगे नहीं जाने दिया जाएगा. हालांकि विरोध प्रदर्शन और पुलिस की मौजूदगी के बीच बाद में वह सुरक्षित तरीके से वहां से रवाना कर दिया गया.