PM Modi : स्लोवाकिया ने PM मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, मिला 33वां ग्लोबल ऑनर

Bindash Bol

PM Modi : स्लोवाकिया ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान, ‘द ऑर्डर ऑफ़ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से सम्मानित किया है. यह किसी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 33वां वैश्विक सम्मान है. स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने ब्रातिस्लावा में एक समारोह में PM मोदी को यह सम्मान दिया. यह प्रतिष्ठित सम्मान उन विदेशी नेताओं को दिया जाता है, जिन्होंने स्लोवाकिया के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, मित्रता बढ़ाने और देश की विदेश नीति तथा वैश्विक प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ब्रातिस्लावा में ‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ पाकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं. इस सम्मान के लिए स्लोवाकिया की जनता और सरकार का आभार. यह सम्मान भारत के 140 करोड़ लोगों का है. मैं यह सम्मान भारत और स्लोवाकिया की अटूट दोस्ती को समर्पित करता हूं.

सर्वोच्च नागरिक और सैन्य राजकीय सम्मान
‘द ऑर्डर ऑफ़ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ स्लोवाकिया द्वारा विशेष रूप से विदेशी नागरिकों को दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक और सैन्य राजकीय सम्मान है. पीएम मोदी यूरोप की अपनी एक हफ्ते की यात्रा के तहत ब्रातिस्लावा में हैं. किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस यूरोपीय देश की यह पहली यात्रा है.

11 समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

भारत और स्लोवाकिया ने सोमवार को अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक ले जाने तथा द्विपक्षीय व्यापार और रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया. पीएम मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच बातचीत के बाद यह सहमति बनी.दोनों देशों ने प्रवासन, डिजिटल टेक्नोलॉजी और डिफेंस जैसे कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए 11 समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए.

पीएम मोदी और फिको, भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने की दिशा में काम करने पर भी सहमत हुए. इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है.

हमारी साझा मान्यताओं और भविष्य का प्रतीक
पीएम मोदी ने मीडिया में जारी बयान में कहा, हमने अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का फैसला किया है. यह हमारी साझा मान्यताओं, प्राथमिकताओं और भविष्य का प्रतीक है.इस साझेदारी का मकसद द्विपक्षीय संबंधों को एक नए मुकाम पर ले जाना, मौजूदा सहयोग तंत्रों को मजबूत करना और द्विपक्षीय व बहुपक्षीय, दोनों स्तरों पर सहयोग को और प्रगाढ़ करने के नए रास्ते तलाशना है.

रिश्तों को नई दिशा देने के तरीकों पर चर्चा

पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने और फिको ने रिश्तों को नयी दिशा देने के तरीकों पर चर्चा की. मोदी और फिको ऊर्जा सुरक्षा, स्थिरता और मजबूती को बढ़ावा देने के लिए ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हुए. इसके लिए परमाणु ऊर्जा और भूतापीय ऊर्जा सहित ऊर्जा के विभिन्न स्रोतों को अपनाने पर जोर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि हमारे पास असीम संभावनाएं हैं. हमारी आकांक्षाएं और भी बड़ी हैं. ऑटोमोबाइल, रेलवे, मैन्यूफैक्चरिंग और हरित टेक्नोलॉजी हमारे लिए खास दिलचस्पी के क्षेत्र हैं.

पीएम मोदी ने कहा कि आज हमने इन सभी मुद्दों पर अपनी ताकत को मिलाकर दोनों देशों के लोगों के फायदे के लिए कई अहम फैसले लिए. उन्होंने यह भी कहा कि भारत और स्लोवाकिया के बीच रक्षा सहयोग दोनों पक्षों के बीच गहरे आपसी भरोसे और रणनीतिक तालमेल का सबूत है.दोनों नेताओं के बीच बातचीत के बाद रक्षा सहयोग को लेकर एक पत्र को अंतिम रूप दिया गया.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment