Student Protest :सिवान बना रणक्षेत्र! छात्र प्रदर्शन हिंसक, SP समेत 30 पुलिसकर्मी घायल, हवाई फायरिंग के बाद इंटरनेट बंद

Bindash Bol

Student Protest :  दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक चला छात्र आंदोलन भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन उसकी गूंज अब बिहार की सड़कों पर सुनाई दे रही है। पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में लेफ्ट संगठनों के बिहार बंद के दौरान कई जिलों में प्रदर्शन हिंसक हो गया। सबसे ज्यादा बवाल सिवान में देखने को मिला, जहां प्रदर्शन देखते ही देखते पुलिस और छात्रों के बीच भीषण टकराव में बदल गया।

सिवान में बेकाबू हुई भीड़, पुलिस पर पथराव

शनिवार को गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शन कुछ ही देर में उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और पुलिस पर जमकर पथराव किया। हालात इतने बिगड़ गए कि सिवान के एसपी पूरन कुमार झा, दो डीएसपी समेत कुल 30 पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

टीयर गैस, लाठीचार्ज और फिर हवाई फायरिंग

हिंसक भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने पहले करीब 10 राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े। जब इससे भीड़ नहीं रुकी तो लाठीचार्ज किया गया। इसके बावजूद हालात बिगड़ते देख पुलिस को 6 से 8 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर गोली लगने और मौत की अफवाहें फैलने लगीं।

पुलिस ने दी सफाई

सिवान पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि पुलिस की फायरिंग में किसी की मौत नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार केवल हवाई फायरिंग की गई थी और कुछ लोग झड़प के दौरान घायल हुए हैं। पुलिस ने अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

हिंसा करने वालों की होगी पहचान

पुलिस ने हिंसा के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

शाम तक इंटरनेट सेवा बंद
तनावपूर्ण हालात को देखते हुए प्रशासन ने सिवान जिले में शनिवार शाम 5:30 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रखने का फैसला किया। सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। वहीं पटना, छपरा, औरंगाबाद, सासाराम, भागलपुर, पूर्णिया और सीतामढ़ी समेत कई जिलों में भी प्रदर्शन और झड़पों की खबरें सामने आई हैं।

Share This Article
Leave a Comment