Tulsi Jayanti : झारखण्ड हिन्दी साहित्य संस्कृति मंच की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को मंच के प्रधान कार्यालय, स्वस्तिक हाउस, गांधी चौक, अपर बाजार, राँची में कार्यकारी अध्यक्ष निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों एवं संगठन की भावी योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मंच के संरक्षक विनय सरावगी, उपाध्यक्ष डॉ. सुरिन्दर कौर ‘नीलम’ एवं आसित कुमार, कोषाध्यक्ष कृष्ण विश्वकर्मा ‘बादल’ तथा कार्यकारिणी सदस्य कामेश्वर कुमार सिंह ‘कामेश’, डॉ. अंजेश कुमार, नेहाल हुसैन सरैयावी और गुरुकमल सिंह जगदेव उपस्थित रहे।
कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 23 अगस्त 2026 को अपराह्न 2:30 बजे मंच का स्थापना दिवस, तुलसी जयंती एवं सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर साहित्यकारों, रचनाकारों एवं हिंदी प्रेमियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में डॉ. अशोक प्रियदर्शी, डॉ. ऋता शुक्ल, हरेराम त्रिपाठी ‘चेतन’, डॉ. माया प्रसाद तथा हिमकर श्याम को झारखण्ड हिन्दी साहित्य संस्कृति मंच का मानद सदस्य मनोनीत करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके साथ ही मंच के पूर्व सचिव राज कुमार श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत मंच की त्रैमासिक ई-पत्रिका ‘स्पंदन’ के नियमित प्रकाशन के प्रस्ताव को भी कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की।
बैठक के अंत में मंच की भावी गतिविधियों, साहित्यिक आयोजनों के विस्तार, युवा साहित्यकारों की भागीदारी बढ़ाने तथा संगठन को अधिक सक्रिय, प्रभावी और सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।