Weather Update: देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात समेत 13 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और पश्चिम राजस्थान पर सक्रिय सिस्टम के कारण 1 अगस्त तक उत्तर, पूर्व, मध्य और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिलहाल उमस से पूरी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी का अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम 27°C रहने का अनुमान है। वहीं 28 और 29 जुलाई के लिए बारिश और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड और हिमाचल में सतर्क रहने की सलाह
IMD ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। इसके अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, केरल, तटीय कर्नाटक और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
यूपी-बिहार में तेज होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में आज से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। 28 से 31 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
उधर बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का अनुमान है।
झारखंड और पश्चिम बंगाल में बाढ़ का खतरा
लगातार बारिश को देखते हुए झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा जताया गया है। निचले इलाकों में जलभराव, सड़कें डूबने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
मछुआरों के लिए समुद्री चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में 55 से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए 29 जुलाई तक ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तर आंध्र प्रदेश तट पर समुद्र में मछली पकड़ने नहीं जाने की सलाह दी गई है।