Weather Update: अगले एक हफ्ते झमाझम बरसेगा मानसून, दिल्ली में येलो अलर्ट; बिहार-UP समेत 20 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

Bindash Bol

Weather Update: देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने उमसभरी गर्मी से राहत दिलाई। अब भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 और 30 जुलाई के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 3 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

उत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार 29 जुलाई से 3 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं हरियाणा और पंजाब में 30 जुलाई से 3 अगस्त तक तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

मध्य और पूर्वी भारत में भी बरसेंगे बादल

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले चार दिनों तक लगातार बारिश होने के आसार हैं। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ तथा छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। ओडिशा के कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत में भी मानसून का असर

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 3 अगस्त तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और मराठवाड़ा में भी लगातार बारिश के साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून

केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और लक्षद्वीप में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश में उमस भरा मौसम बना रह सकता है।

मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के आसपास समुद्र में जाने वाले मछुआरों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की आशंका है।

अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी के मुताबिक, आने वाले पांच दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment