CWG 2026 : भारतीय मुक्केबाज़ों का ग्लासगो में स्वर्णिम पंच, एक ही दिन में 7 गोल्ड जीतकर रचा इतिहास

Bindash Bol

CWG 2026 : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए 1 अगस्त का दिन यादगार बन गया। भारतीय मुक्केबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉक्सिंग में 7 स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इसी के साथ भारत ने बॉक्सिंग में 7 गोल्ड और 3 सिल्वर सहित कुल 10 पदक अपने नाम किए और इस खेल में सबसे सफल देश बनकर उभरा।

इन खिलाड़ियों ने दिलाया भारत को गोल्ड

भारत के लिए प्रीति पवार, जैस्मिन लंबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच और अंकुश पांघाल ने बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीते। वहीं सोमन राणा ने पैरा एथलेटिक्स में गोल्ड जीतकर भारत की उपलब्धियों में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ा।

सिल्वर और ब्रॉन्ज में भी शानदार प्रदर्शन

पुरुष ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रवेल ने रजत पदक जीता। बॉक्सिंग में जादूमणि सिंह, लवलीना बोरगोहेन और नरेंद्र बेरवाल ने सिल्वर अपने नाम किए, जबकि पैरा एथलेटिक्स के शॉट पुट में शुभम जुयाल ने भी रजत पदक हासिल किया। जूडो में उन्नति शर्मा ने भारत को कांस्य पदक दिलाया।

अंकुश और सचिन की दमदार जीत

दिन का आखिरी गोल्ड अंकुश पांघाल ने पुरुष 80 किग्रा वर्ग के फाइनल में इंग्लैंड के डिमेजी शिट्टू को 4-1 से हराकर जीता। इससे पहले सचिन सिवाच ने पुरुष 60 किग्रा वर्ग के फाइनल में नामीबिया के ट्राईगेन मॉर्निंग नदेवेलो को 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

अरुंधति का एकतरफा जलवा, लवलीना को मिला रजत

महिला 70 किग्रा वर्ग में अरुंधति चौधरी ने इंग्लैंड की चेंटेले रीड को 5-0 से हराकर शानदार अंदाज़ में गोल्ड जीता। वहीं महिला 75 किग्रा वर्ग के फाइनल में लवलीना बोरगोहेन को ऑस्ट्रेलिया की एम्मा सुई ग्रीनट्री के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

पदक तालिका में भारत की मजबूत दावेदारी

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत अब तक 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज समेत 38 पदक जीत चुका है। शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत फिलहाल पदक तालिका में चौथे स्थान पर बना हुआ है। भारतीय खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन आने वाले मुकाबलों के लिए भी बड़े पदकों की उम्मीद जगा रहा है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment