Pakistan : कंगाल पाकिस्तान में सरकारी खर्च पर चली कैंची: सरकारी ईंधन 50% कम; दौरे-दावत भी बंद, जनता के लिए क्या फरमान?

Bindash Bol

* सरकारी गाड़ियों के ईंधन में 50% कटौती

* तीन महीने विदेश यात्राओं पर लगी रोक

* नई सरकारी गाड़ियां खरीदने पर पूरी रोक

* पाकिस्तान सरकार ने खर्च घटाने के लिए क्या-क्या कदम उठाए?

* सरकारी गाड़ियों और विदेश यात्राओं पर कितनी कटौती हुई?

Pakistan : आर्थिक दबाव से जूझ रहे पाकिस्तान ने सरकारी खर्च कम करने के लिए अब सीधे सरकारी गाड़ियों से लेकर विदेश यात्राओं तक पर कैंची चला दी है. पाकिस्तान सरकार ने गुरुवार को जारी आदेश में सरकारी वाहनों के लिए ईंधन की उपलब्धता 50 फीसदी घटाने का फैसला किया है. यह व्यवस्था तीन महीने के लिए लागू रहेगी. हालांकि सेना, कानून-व्यवस्था और जरूरी सेवाओं से जुड़े ऑपरेशनल वाहनों को इससे बाहर रखा गया है.

पाकिस्तानसरकार ने नई सरकारी गाड़ियां खरीदने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. इतना ही नहीं, IT से जुड़ी खरीद को छोड़कर दूसरे टिकाऊ सामान की खरीद पर भी रोक लगा दी गई है. यानी फिलहाल सरकारी दफ्तरों में नई गाड़ी और नया सामान खरीदने का रास्ता बंद रहेगा.

विदेश यात्रा भी इमरजेंसी मोड में
अगले तीन महीनों तक सरकारी अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर पूरी रोक रहेगी. यहां तक कि जरूरी यात्राओं को भी सामान्य तौर पर मंजूरी नहीं होगी. कुछ सीमित अपवाद रखे गए हैं, जबकि अनिवार्य यात्राओं में मंत्रियों, सलाहकारों और अन्य सरकारी पदाधिकारियों को इकोनॉमी क्लास में सफर करना होगा.

बैठकों के लिए भी सरकार ने कहा है कि जहां संभव हो, टेलीकॉन्फ्रेंसिंग का इस्तेमाल किया जाए. सरकारी खर्च पर सेमिनार, ट्रेनिंग और कॉन्फ्रेंस आयोजित करने पर भी रोक लगाई गई है.

दावतों पर भी सरकारी ब्रेक
पाकिस्तान सरकार ने सरकारी आधिकारिक डिनर की मेजबानी पर भी रोक लगा दी है. अपवाद सिर्फ विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के लिए रखा गया है. इतना ही नहीं, शादी से जुड़े कार्यक्रमों में सिर्फ एक डिश परोसने का निर्देश दिया गया है.

और बाजारों की टाइमिंग भी जस की तस रहेगी—दुकानें और बाजार रात 9 बजे, मैरिज हॉल 10 बजे और रेस्तरां-कैफे रात 11 बजे तक बंद करने होंगे. टेकअवे और होम डिलीवरी को इससे छूट दी गई है.

पाकिस्तान सरकार ने साथ ही वित्त वर्ष 2026-27 के गैर-ERE बजट में 5 फीसदी कटौती का फैसला किया है. सरकार ने प्रांतीय और क्षेत्रीय सरकारों को भी इसी तरह के उपाय अपनाने पर विचार करने को कहा है.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment