Jharkhand : मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी का सड़क हादसे में निधन, जमशेदपुर हाइवे पर ट्रक से टक्कर में कार सवार 4 की मौत

Bindash Bol

Jharkhand : जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर बीती देर रात सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे की बेटी तृषा सिंह का निधन हो गया। उनके साथ ही कार सवार तीन और लोगों की मौत हुई है।

हादसा तेज रफ्तार कार की वजह से हुआ। सड़क पर खड़े ट्रक में कार की टक्कर से यह घटना हुई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने गैस कटर से कार काट कर चारों को बाहर निकाला। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास हुई।

सड़क पर खड़े ट्रक में जा घुसी कार

जानकारी के अनुसार, एक भारी ट्रक बुधवार रात करीब 10 बजे से ही ब्रेकडाउन होने के कारण मरीन ड्राइव की बीच सड़क पर लावारिस हालत में खड़ा था। गुरुवार तड़के तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित कार सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर होकर ट्रक के पीछे फंस गया। कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। मृतकों के शव कार के अंदर बुरी तरह फंस चुके थे और कुछ के सिर धड़ से अलग हो गए थे।

पुलिस को क्षत-विक्षत शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद कार के मलबे को काटकर शवों को निकाला गया।

मृतकों की पहचान और जांच

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है। चारों ही 12वीं के स्टूडेंट्स थे।

बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है: मुख्यमंत्री

इधर, इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने ऑफिशियल X पर लिखा-जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है।

अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है।

इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment