Asian Games: भारत के लिए एशियन गेम्स में आज कबड्डी का दिन गोल्ड से भरा रहा। जापान के ऐची-नागोया में शनिवार को पहले भारतीय महिला टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद पुरुष टीम ने भी ईरान को 40-34 से मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। यानी एक ही दिन में भारत ने कबड्डी के दोनों फाइनल जीतकर गोल्डन डबल (Golden Double) पूरा किया।
पहले महिलाओं ने दिलाया गोल्ड
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान के खिलाफ शुरुआत से ही कड़ा मुकाबला खेला। ईरान ने लगातार भारत पर दबाव बनाए रखा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने आखिरी समय तक अपना कंट्रोल नहीं खोया। भारत ने मुकाबला 37-34 से अपने नाम किया। इस जीत के साथ महिला टीम ने एशियन गेम्स में अपना चौथा कबड्डी गोल्ड मेडल हासिल किया। इससे पहले भारतीय टीम का ग्रुप स्टेज का सफर भी शानदार रहा था। टीम ने बिना कोई मैच गंवाए आगे बढ़ते हुए ईरान को 37-23 से हराया था। इसके बाद जापान को 50-25 से और सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से मात दी।

पुरुष टीम ने भी किया कमाल
महिला टीम की जीत के बाद भारतीय पुरुष कबड्डी टीम की बारी थी। फाइनल में सामने फिर ईरान था। पहले हाफ में ईरान ने भारत को कड़ी टक्कर दी। ब्रेक तक भारत 17-18 से पीछे था। इसके बाद भारतीय टीम ने अपना खेल बदला। दूसरे हाफ में डिफेंस मजबूत हुआ और अटैक में भी भारत ने तेजी पकड़ी। धीरे-धीरे टीम ने बढ़त बनानी शुरू की और मैच के आखिरी हिस्से तक अपनी पकड़ मजबूत कर ली। भारत ने आखिरकार यह फाइनल 40-34 से जीत लिया।
भारत ने 9वीं बार जीता पुरुष कबड्डी गोल्ड
पुरुष टीम की इस जीत के साथ एशियन गेम्स में भारत का कबड्डी गोल्ड का रिकॉर्ड और मजबूत हुआ है। 2026 का गोल्ड भारत का इस इवेंट में 9वां पुरुष कबड्डी गोल्ड है। 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में ईरान ने सेमीफाइनल में भारत को हराकर उसका लंबे समय से चला आ रहा दबदबा खत्म किया था। इसके बाद भारत ने हांगझोउ में गोल्ड वापस जीता और अब ऐची-नागोया (Aichi-Nagoya) में भी खिताब बचाने में कामयाब रहा।
इस बार फाइनल में नहीं हुआ कोई बड़ा विवाद
हांगझोउ एशियन गेम्स के फाइनल में भारत और ईरान के बीच मुकाबला काफी विवादित रहा था। उस मैच में स्कोर 28-28 से बराबर था और आखिरी मिनट में एक रेड को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद करीब एक घंटे तक खेल रुका रहा था। ऐची-नागोया के फाइनल में ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला। भारत ने दूसरे हाफ में लगातार अपनी बढ़त मजबूत की और ईरान को वापसी का मौका नहीं दिया। पुरुष फाइनल में भारत की 6 रन की जीत पिछले तीन एशियन गेम्स में ईरान के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी जीत भी रही।
