Cyclone Akvan: ओडिशा में 3 लाख लोग शिफ्ट किए गए, बंगाल-झारखंड से बिहार तक अलर्ट; जानें 20 राज्यों का मौसम

Bindash Bol

Cyclone Akvan News: पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान तेजी से उत्तर की ओर बढ़ रहा है. इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट पर दस्तक देने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, तट से टकराते समय तूफान की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. चक्रवात का असर केवल ओडिशा और आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी देखने को मिलेगा.

चक्रवात को देखते हुए ओडिशा में बड़े स्तर पर बचाव और राहत अभियान चलाया जा रहा है. प्रशासन ने करीब तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. वहीं, रेलवे ने एहतियात के तौर पर 45 ट्रेनें रद्द कर दी हैं और 28 अन्य ट्रेनों के समय में बदलाव किया है. मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. कई राज्यों में स्कूल और शैक्षणिक संस्थान भी बंद किए गए हैं.

ओडिशा में सबसे ज्यादा खतरा, 3 लाख लोगों का रेस्क्यू

चक्रवात अकवान का सबसे ज्यादा असर ओडिशा के तटीय और दक्षिणी जिलों में पड़ने की आशंका है. विशेष राहत आयुक्त राजेश पी. पाटिल के मुताबिक, गुरुवार शाम तक 2,98,676 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका था. इन्हें 2,523 राहत शिविरों में रखा गया है. राज्य सरकार ने जरूरत पड़ने पर लोगों को ठहराने के लिए 9,341 आश्रय स्थलों को तैयार रखा है.
गंजाम जिला सबसे अधिक संवेदनशील माना जा रहा है. यहां 1,38,311 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. जिला प्रशासन ने सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणालियों के जरिए लोगों को चक्रवात के खतरे के बारे में जानकारी दी है. राहत शिविरों में भोजन और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है.

गंजाम समेत कई संवेदनशील जिलों में एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें तैनात हैं. राज्य के 11 जिलों में बचाव दलों को लगाया गया है. इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और अन्य संवेदनशील लोगों को भी पहले से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.

मौसम विभाग ने पुरी, गंजाम, गजपति, कंधमाल, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. समुद्र में उठने वाली लहरों के कारण गंजाम और पुरी के निचले इलाकों में 0.5 से एक मीटर तक पानी भरने की आशंका है.

पश्चिम बंगाल में भी अलर्ट

चक्रवात का असर पश्चिम बंगाल में भी दिखाई देने लगा है. कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में रातभर बारिश हुई. दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, कोलकाता, हावड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर के तटीय इलाकों में बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और बांकुड़ा में भारी बारिश का अनुमान जताया है. कोलकाता, साल्ट लेक और न्यू टाउन में बारिश के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ. कार्यालय जाने के समय सड़कों पर जाम की स्थिति बनी.

शनिवार तक कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने मछुआरों को 21 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है.

झारखंड के 11 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवात अकवान का प्रभाव झारखंड में भी देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में 20 नवंबर से बारिश की संभावना जताई है. शुक्रवार को 11 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

इनमें लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, रांची, खूंटी, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं. 21 और 22 नवंबर को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी भारी बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. 23 नवंबर से बारिश की तीव्रता कम होने का अनुमान है.

छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम

चक्रवात के प्रभाव से मध्य भारत के कई हिस्सों में भी मौसम बदलने वाला है. छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 22 नवंबर के बीच बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को बारिश हो सकती है. विदर्भ में भी 20 और 21 नवंबर को कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है.

बिहार और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश
चक्रवात का असर बिहार और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी देखने को मिलेगा. बिहार में 21 और 22 नवंबर के दौरान बारिश की संभावना है. दक्षिण-पूर्वी बिहार के कुछ इलाकों में 21 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है.

पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 20 से 25 नवंबर तक बारिश का अनुमान है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 से 25 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.

एक तरफ देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में चक्रवात के कारण बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा, वहीं उत्तर भारत में कोहरे की स्थिति बनने वाली है. मौसम विभाग ने 20 से 22 नवंबर के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी घना कोहरा पड़ने की प्रबल संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 नवंबर और 22 से 23 नवंबर के दौरान कोहरा छा सकता है.

Share This Article
Leave a Comment