* चक्रवात ‘अकवान’ का झारखंड में दिखेगा असर, रांची सहित सूबे के कोल्हान और दक्षिणी जिलों में बारिश का अलर्ट
Cyclone Akwan : बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’, शुक्रवार दोपहर (20 नवंबर, 2026) तक उत्तरी आंध्र प्रदेश (नरसापुर) और दक्षिणी ओडिशा (पुरी/गोपालपुर) के तटों से टकरा सकता है. इस दौरान हवा की गति 90 से 110 किमी तक पहुंच सकती है. संभावित खतरे को देखते हुए, केंद्र और राज्य सरकारों ने राहत और बचाव कार्यों के लिए व्यापक तैयारियां की हैं.
IMD द्वारा 19 नवंबर को जारी बुलेटिन के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ फिलहाल पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है. पिछले 6 घंटों में, यह 13 किमी प्रति घंटा की गति से उत्तर की ओर बढ़ा है. 19 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तक, यह 15.6° उत्तरी अक्षांश और 85.2° पूर्वी देशांतर पर केंद्रित था. इसके चलते आंध्र प्रदेश और ओडिशा सरकार ने लगभग लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है और हजारों आश्रय स्थल तैयार किए हैं.
NDRF की 40 से ज्यादा टीमों को तैनात किया गया है, जबकि दो दर्जन से अतिरिक्त टीमों को रिजर्व में रखा गया है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. इस चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा में बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने का खतरा है. इसके साथ ही, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा, उत्तर भारत (दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश) के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है.
रेलवे ने एहतियात के तौर पर 39 ट्रेनों को किया रद्द
चक्रवात ‘अकवान’ के ओडिशा तट की ओर बढ़ने के कारण, एहतियात के तौर पर पूर्व तटीय रेलवे ने 39 ट्रेनों को रद्द कर दिया है. ये ट्रेनें 19, 20 और 21 नवंबर, 2026 को चलने वाली थीं. पूर्व तटीय रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक राउत ने बताया कि यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चक्रवात के दौरान रेल परिचालन में किसी भी तरह के जोखिम से बचने के लिए लिया गया है. रद्द की गई ट्रेनों में लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें, पैसेंजर ट्रेनें, मेमू (MEMU) सेवाएं और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं. इसके अलावा, 28 अन्य ट्रेनों के प्रस्थान के समय में भी बदलाव किया गया है.
20 नवंबर को सबसे ज्यादा ट्रेनें रद्द
20 नवंबर के लिए रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस, विशाखापत्तनम-भुवनेश्वर वंदे भारत एक्सप्रेस, हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस और पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। साथ ही, पुरी, भुवनेश्वर, खुर्दा रोड, ब्रह्मपुर, अंगुल, तालचेर और गुणुपुर रूटों पर चलने वाली कई अन्य ट्रेनें भी रद्द रहेंगी. इनमें 21 नवंबर, 2026 को चलने वाली ट्रेन नंबर 22884, यशवंतपुर-पुरी गरीब रथ एक्सप्रेस भी शामिल है.
ओडिशा के 13 जिलों में रेड अलर्ट
ओडिशा सरकार शून्य जनहानि (zero casualties) के लक्ष्य के साथ काम कर रही है और राज्य के 13 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. अब तक, तटीय क्षेत्रों के जोखिम वाले इलाकों से 105,304 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. कुल 200,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का लक्ष्य है और राज्य भर में 9,299 चक्रवात आश्रय स्थल (cyclone shelters) तैयार किए गए हैं.
74 टीमों के साथ-साथ, दमकल के जवान भी तैनात
आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए, NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) और ODRAF (ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल) की 74 टीमों के साथ-साथ अग्निशमन सेवा के कर्मियों को तैनात किया गया है. जल संसाधन विभाग बांधों, नदियों और तटबंधों की 24/7 निगरानी कर रहा है. जोखिम वाले जिलों में वरिष्ठ इंजीनियरों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
एहतियात के तौर पर, तटीय क्षेत्रों में स्कूलों और पर्यटन स्थलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. जिला कलेक्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे तूफान के बाद सड़क, बिजली, इंटरनेट और दूरसंचार सेवाओं को तुरंत बहाल करना सुनिश्चित करें. गर्भवती महिलाओं को पहले ही ‘मां गृह’ (प्रसूति आश्रय स्थलों) में स्थानांतरित किया जा रहा है.
आंध्र प्रदेश में ऊंची लहरों की चेतावनी के बीच हाई अलर्ट
आंध्र प्रदेश में प्रशासन, राज्य के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं, भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरों की चेतावनी के बीच हाई अलर्ट पर है. तीन प्रमुख तटीय जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिम गोदावरी, कोनासीमा, काकीनाडा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम के निचले इलाकों में तूफान के कारण समुद्र का पानी चढ़ने (storm surges) की चेतावनी दी है. प्रशासन ने इन क्षेत्रों की स्थानीय आबादी को सतर्क कर दिया है.
NDRF ने इन राज्यों में भी 49 टीमों को स्टैंडबाय पर रखा
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल सहित छह प्रभावित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 49 टीमों को स्टैंडबाय पर रखा है. रेल मंत्रालय ने भी संभावित रूट डायवर्जन (मार्ग परिवर्तन) को प्रबंधित करने और रेलवे पटरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘वॉर रूम’ सक्रिय किए हैं, साथ ही मरम्मत का सामान भी स्टैंडबाय पर रखा है. समुद्र में लहरों के 14 मीटर तक ऊंचे उठने के खतरे को देखते हुए, 21 नवंबर 2026 तक मछुआरों के समुद्र में जाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है.
झारखंड के कई जिलों में असर
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से झारखंड में 20 और 21 नवंबर 2026 को बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) के अनुसार 22 नवंबर से इसका असर कम होने लगेगा और 24 नवंबर तक मौसम सामान्य हो सकता है.
प्रमुख जिलों और बारिश का अनुमान
• 20 नवंबर (शुक्रवार): रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है.
• 21 नवंबर (शनिवार): धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश का अलर्ट है.
• रांची और आसपास: बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.