Asia Cup Rising Stars: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के हाई-वोल्टेज ग्रुप स्टेज मुकाबले में इंडिया-ए को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान-ए के हाथों 48 रनों से हार का सामना करना पड़ा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान-ए ने 49.2 ओवर खेलकर 313 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में 314 रनों के मुश्किल टारगेट का पीछा करने उतरी इंडिया-ए की टीम 265 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
हसन नवाज, माज सदाकत और फरहान यूसुफ चमके
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान-ए की टीम को सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाई. शामिल हुसैन ने सिर्फ 23 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 33 रन बनाए, वहीं दूसरे ओपनर माज सदाकत ने 63 गेंदों पर 6 चौकों और 1 छक्के के साथ 59 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.5 ओवर में 66 रन जोड़े. फिर रोहेल नजीर के जल्दी आउट होने के बाद हसन नवाज ने पारी को बखूबी संभाला. उन्होंने 82 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 79 रन बनाए.
कप्तान अब्दुल समद ने 35 गेंदों पर 28 रनों का योगदान दिया. फिर लोअर ऑर्डर में फरहान यूसुफ ने 48 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत तेज-तर्रार 56 रन ठोके, वहीं मोहम्मद इमरान ने 14 गेंदों पर 23 रनों की कैमियो पारी खेलकर टीम को 313 के स्कोर तक पहुंचाया. भारत-ए की ओर से गेंदबाजी में सभी मेन गेंदबाजों ने विकेट चटकाए, लेकिन वो रनों की गति पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगा सके. हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विप्रज निगम ने 2-2 सफलताएं हासिल कीं.
तिलक वर्मा का शतक गया बेकार
314 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारत-ए की शुरुआत लड़खड़ा गई, लेकिन 2 बल्लेबाजों ने शानदार संघर्ष दिखाया. एक छोर से विकेट गिरने के बावजूद कप्तान तिलक वर्मा चट्टान की तरह डटे रहे और 149 गेंदों में 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से पूरे 100 रन बनाए. लोअर ऑर्डर में ऑलराउंडर शाहबाज अहमद ने तेज गति से रन बटोरते हुए 49 गेंदों में 1 चौके और 4 छक्कों की बदौलत 56 रनों की उपयोगी अर्धशतकीय पारी खेली. लेकिन ये पारियां भारत को जीत नहीं दिला सकीं.