DEOGHAR : देवघर की बाबा धाम नगरी में भीषण सड़क हादसा हुआ है. बाबा नगरी से बासुकीनाथ जा रही कांवड़ियों से भरी बस मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया में एक एलपीजी सिलेंडर लदे ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही पांच कांवरियों की मौत हो गई.
करीब एक दर्जन कांवड़ियों घायल हैं. इनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है. यह हादसा सुबह 5 से 6 बजे के बीच हुई है. घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है.
दुमका क्षेत्र के महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि “देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास कांवड़ियों से भरी एक 32 सीटों वाली बस और गैस सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक के बीच टक्कर हो गई, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.
अधिकारी ने बताया कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर है.
सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है और घायलों को पास के अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ले जाया जा रहा है.
