Deoghar Accident : झारखंड में श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। देवघर-बासुकीनाथ मुख्य पथ पर स्थित जमुनिया चौक के पास कांवड़ियों से भरी एक बस और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई।जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 18 कांवड़ियों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों श्रद्धालु घायल हुए हैं। प्रशासन के हिसाब से मृतकों की संख्या 9 और 30 से अधिक घायलों का जिक्र है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं सांसद निशिकांत दुबे ने 18 लोगों की मौत का दावा किया है।


सांसद निशिकांत दुबे ने की 18 लोगों की मौत की पुष्टि
सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट किया है कि ‘मेरे लोकसभा के देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है । बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’
कांवरियों की बस और ट्रक में भीषण टक्कर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एंबुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को देवघर के विभिन्न अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।

देवघर जल चढ़ाने जा रहे थे कांवरिए
यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रहे थे। इस भीषण टक्कर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतकों की सूची:
सुमन कुमारी: सोनारा, परबतिया, गया (बिहार)
पीयूष: नया गांव, वैशाली (बिहार)
सुभाष तुरी (बस ड्राइवर): चकरमा, मोहनपुर, देवघर
दुर्गावती देवी: पतराती, बेतिया (बिहार)
जानकी देवी: पतराती, बेतिया (बिहार)
संता देवी: पटना (बिहार)
पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवघर की दुर्घटना पर कहा, ‘झारखंड के देवघर में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। इसमें जिन श्रद्धालुओं को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति दे। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

देवघर हादसे पर राज्यपाल, सीएम हेमंत ने भी प्रकट किया दुख
इसके पहले झारखंड राज्यपाल संतोष गंगवार ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘देवघर से बासुकीनाथ जा रही कांवरियों की बस दुर्घटना में कई श्रद्धालुओं के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। मैं शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं तथा बाबा भोलेनाथ से घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।’
राज्य के सीएम हेमंत सोरेन ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि ‘आज सुबह देवघर के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास बस दुर्घटना में बस सवार श्रद्धालुओं की मृत्यु की अत्यंत दुःखद सूचना मिली है। जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य के साथ घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराया जा रहा है। बाबा बैद्यनाथ दुर्घटना में मरने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।’