Abhijeet Dipke : जंतर-मंतर से अचानक गायब हुए अभिजीत दिपके? उठे कई सवाल, सामने आई असली वजह

Bindash Bol

Abhijeet Dipke : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी बीच आंदोलन का नेतृत्व कर रहे CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके के अचानक धरना स्थल से गायब होने की खबर ने राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज कर दिया।
दिपके के जंतर-मंतर पर नजर नहीं आने के बाद कई तरह के कयास लगाए जाने लगे। किसी ने उनके हिरासत में लिए जाने की अटकलें लगाईं तो कुछ लोगों ने दावा किया कि उन्होंने खुद को आंदोलन से अलग कर लिया है। हालांकि, इन तमाम चर्चाओं पर अब खुद अभिजीत दिपके ने विराम लगा दिया है।

खुद बताई गैरमौजूदगी की वजह

अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें तेज बुखार और बदन दर्द की शिकायत है। उन्होंने लिखा,
“पिछले कुछ दिनों से मुझे बुखार और बदन दर्द है, लेकिन मैं दर्द निवारक दवाइयाँ लेकर काम चला रहा हूँ। अगर आज आप मुझे जंतर-मंतर पर न देख पाएँ तो क्षमा करें। मुझे कुछ घंटे आराम करने और ठीक होने की ज़रूरत है। मैं शाम तक विरोध स्थल पर वापस आ जाऊँगा।”
दिपके के इस बयान के बाद उनके गायब होने को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

प्रदर्शन के दौरान बढ़ा था तनाव

गौरतलब है कि सोमवार को CJP के ‘संसद मार्च’ के दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया था। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया था। इसके बाद बुधवार रात भी धरना स्थल पर सुरक्षाकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी की घटनाएं सामने आईं।
इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि हिंसा में उनके संगठन का कोई भी कार्यकर्ता शामिल नहीं था। उन्होंने इसके लिए भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाए।

CJP ने इंटरनेट सेवा बाधित करने का लगाया आरोप

इस बीच CJP ने दावा किया कि जंतर-मंतर इलाके में इंटरनेट सेवाएं बाधित कर दी गई हैं, जहां उसके समर्थक कई दिनों से धरने पर बैठे हैं। पार्टी ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी नई पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

CJP का कहना है कि इंटरनेट बंद होने से प्रदर्शनकारियों में चिंता का माहौल है और आंदोलन के संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि, इंटरनेट सेवा बाधित किए जाने के आरोपों पर अब तक सरकार या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के बावजूद आंदोलन जारी

पार्टी का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद आंदोलन की निगरानी कर रहा है। वहीं, अभिजीत दिपके ने भी स्पष्ट कर दिया है कि आराम के बाद वह फिर से जंतर-मंतर स्थित धरना स्थल पर लौटकर आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।

Share This Article
Leave a Comment