Abhishek Banerjee : अभिषेक बनर्जी के घर तड़के रेड, सुबह 3 बजे पुलिस ने घेरा आवास; 4 घंटे तक चली कार्रवाई

Bindash Bol

Abhishek Banerjee :  पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार तड़के उस समय हलचल मच गई, जब पुलिस की बड़ी टीम केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची। यह कार्रवाई सुबह करीब 3 बजे शुरू हुई और चार घंटे से अधिक समय तक चली।
यह छापेमारी पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सालबनी थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में की गई। हालांकि, अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि कार्रवाई किस विशेष मामले से जुड़ी थी।

घर के बाहर सुरक्षा, अंदर तलाशी

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम मेदिनीपुर पुलिस, कोलकाता पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त टीम ने पहले पूरे इलाके को घेर लिया। केंद्रीय बलों ने घर के बाहर सुरक्षा संभाली, जबकि पुलिस अधिकारी घर के भीतर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया।

TMC का आरोप- ताला तोड़कर घुसी पुलिस

तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पार्टी का कहना है कि बिना सहमति के पूरे घर की तलाशी ली गई।

ममता बनर्जी भी पहुंचीं

कार्रवाई की जानकारी मिलते ही तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अभिषेक बनर्जी के आवास पहुंच गईं। उनके पहुंचने के बाद इलाके में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गईं।

अभिषेक बनर्जी का दावा

छापेमारी खत्म होने के बाद मीडिया से बातचीत में अभिषेक बनर्जी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया,
“उन्होंने ताला तोड़ा, घर में घुसे और हर कमरे की तलाशी ली।”

हाल के दिनों में बढ़ी जांच एजेंसियों की सक्रियता

गौरतलब है कि इस कार्रवाई से दो दिन पहले ही पश्चिम बंगाल सीआईडी ने राज्य विधानसभा से जुड़े कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की थी। इसके अलावा, हाल के दिनों में विभिन्न जांच एजेंसियों ने उन्हें कई नए समन भी जारी किए हैं।
फिलहाल पुलिस ने छापेमारी के पीछे के कारणों पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, जिससे पूरे मामले को लेकर सस्पेंस बरकरार है।

Share This Article
Leave a Comment