Ankit Sharma :51 वार, नाले में फेंका शव… अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन समेत 5 दोषियों को उम्रकैद

Bindash Bol

Ankit Sharma : दिल्ली दंगों के सबसे चर्चित मामलों में से एक अंकित शर्मा हत्याकांड में आखिरकार अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। कड़कड़डूमा कोर्ट ने पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन, अदनान, जावेद, नाज़िम और कासिम को उम्रकैद की सजा सुनाते हुए साफ कहा कि हत्या को अंजाम देने का तरीका बेहद क्रूर और अमानवीय था।

कोर्ट ने टिप्पणी की कि अंकित शर्मा के साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया गया। उनकी बेरहमी से हत्या की गई और मौत के बाद शव को खजूरी खास नाले में फेंक दिया गया। दोषियों ने परिवार की जिम्मेदारियों का हवाला देकर सजा में नरमी की मांग की, लेकिन अदालत ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया।
सजा सुनाए जाने के बाद कोर्ट से जेल ले जाए जाते समय ताहिर हुसैन ने कहा, “देर है, अंधेर नहीं… इंसाफ दिल्ली हाई कोर्ट से मिलेगा। मैच फिक्स था।”

इससे पहले एडिशनल सेशन जज प्रवीण कुमार ने ताहिर हुसैन, अदनान, जावेद, नाज़िम और कासिम को दोषी ठहराया था। वहीं छह अन्य आरोपियों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया।

उम्रकैद के साथ जुर्माना भी

अदालत ने उम्रकैद के अलावा विभिन्न धाराओं के तहत दोषियों पर जुर्माना भी लगाया। अभियोजन पक्ष ने दलील दी थी कि दंगों के दौरान ताहिर हुसैन का घर हिंसा का केंद्र बना था, हालांकि अदालत ने स्पष्ट किया कि यह इस मामले में तय किए गए आरोपों का हिस्सा नहीं था।

फैसले के बाद दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह न्याय की शुरुआत है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जिस निर्ममता से अंकित शर्मा की हत्या की गई, वह “रेयरेस्ट ऑफ रेयर” श्रेणी का मामला है और उम्मीद जताई कि उच्च न्यायालय में उम्रकैद को फांसी में बदला जाए।

51 चोटों के निशान, अगले दिन नाले में मिला था शव

25 फरवरी 2020 को उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भड़के दंगों के दौरान आईबी अधिकारी अंकित शर्मा घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन उनका शव खजूरी खास नाले से बरामद हुआ। पोस्टमॉर्टम में उनके शरीर पर 51 चोटों के निशान पाए गए।

जांच के बाद पुलिस ने ताहिर हुसैन समेत कई लोगों को आरोपी बनाया। अभियोजन के अनुसार, हिंसक भीड़ ने अंकित शर्मा को घेरकर उनकी हत्या की थी। अंकित के पिता ने भी अपनी शिकायत में ताहिर हुसैन और अन्य पर संदेह जताया था।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment