Assam Accident : असम के काजीरंगा से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं. जानकारी के मुताबिक, ट्रैवलर में सवार ज्यादातर यात्री छात्र थे. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री उसके अंदर फंस गए. हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है.
NH-715 पर ट्रक और ट्रैवलर की भिड़ंत
यह हादसा असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास हुआ. पुलिस के मुताबिक, रंगाजन इलाके में हाथीकुली चाय बागान के नजदीक नेशनल हाईवे-715 पर ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हुई. ट्रैवलर बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई. हादसा इतना भयानक था कि ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए. वाहन में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया. क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत
शुरुआत में पुलिस को हादसे में सात लोगों की मौत की जानकारी मिली थी. इसके बाद पांच और लोगों ने दम तोड़ दिया. बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई. गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है. हादसे में घायल लोगों को पहले कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के समय ट्रैवलर में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी जांच जारी है.
ट्रैवलर के 12 चालान का रिकॉर्ड आया सामने
इस दुर्घटना के बाद हादसे का शिकार हुई ट्रैवलर गाड़ी के ट्रैफिक चालान का रिकॉर्ड भी सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, वाहन के खिलाफ अब तक 12 चालान जारी किए जा चुके थे. इनमें से कुल 38,500 रुपये का जुर्माना जमा कराया जा चुका था, जबकि 4,000 रुपये का एक चालान अभी बकाया बताया जा रहा है. असम में कमर्शियल वाहनों के ओवरस्पीडिंग करने पर 4,000 रुपये का जुर्माना निर्धारित है. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसे के समय मिनी बस काफी तेज रफ्तार में थी. काजीरंगा नेशनल पार्क के आसपास वाहनों की गति को लेकर विशेष नियम भी लागू हैं.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख
काजीरंगा में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी दुख जताया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना से पूरा राज्य दुखी है और इस मुश्किल घड़ी में असम के लोग पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं.
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. इस दुर्घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.