Bihar Electricity Free : बिहार में कुछ ही महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इससे पहले कई तरह के दावे किए जा रहे हैं. ऐसा ही एक दावा सामने आया था कि नीतीश सरकार 100 यूनिट तक बिजली फ्री देने वाली है. हालांकि इस दावे का खंडन कुछ ही घंटों के भीतर सरकार की तरफ से ही कर दिया गया है.
शनिवार को बिहार वित्त विभाग ने इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर खबर का खंडन किया है. इसके साथ ही विभाग ने लोगों से अपील की है कि भ्रामक खबरों का प्रचार न करें. हालांकि इस दावे को बल इस बात से मिला क्योंकि सरकार चुनाव से पहले कई तरह के ऐलान कर रही है.
क्या बोला बिहार वित्त विभाग?
वित्त विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि कतिपय संचार माध्यमों में इस प्रकार की सूचना प्रसारित हो रही है कि वित्त विभाग द्वारा प्रत्येक माह 100 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान किये जाने के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान की गई है. इस संबंध में सूचित करना है कि ऐसी कोई सहमति वित्त विभाग द्वारा नहीं दी गयी है और इस संबंध में कोई भी निर्णय वित्त विभाग द्वारा नहीं लिया गया है.