Dimagi Naxal Party :15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन में इस्तेमाल हुआ एक शब्द सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो गया है। जंगलों में हथियारबंद नक्सलवाद पर देश की सख्ती का जिक्र करते हुए पीएम ने जैसे ही ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल किया, इंटरनेट पर मीम्स, व्यंग्य और तीखी बहसों की बाढ़ आ गई। इसी डिजिटल लहर के बीच इंस्टाग्राम पर ‘Dimagi Naxal Party’ नाम से एक व्यंग्यात्मक पेज सामने आया, जिसने बेहद कम समय में 2.21 लाख से अधिक फॉलोअर्स जुटाकर सबका ध्यान खींच लिया है।
‘दिमागी नक्सल’ पर क्यों छिड़ी डिजिटल बहस?
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में संकेत दिया था कि जहां हथियारबंद नक्सलवाद कमजोर हुआ है, वहीं कुछ लोग वैचारिक स्तर पर अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं—जिन्हें पहचानने और अलग-थलग करने की जरूरत है। इस टिप्पणी के सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स यह डिकोड करने में जुट गए कि यह इशारा असल में किस वर्ग की ओर था। इसी हलचल के बीच ‘Dimagi Naxal Party’ नाम का पेज वजूद में आया। स्पष्ट रहे कि यह कोई पंजीकृत या आधिकारिक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि पूरी तरह से एक सोशल मीडिया पेज है जो राजनीतिक व्यंग्य के जरिए अपनी पहचान बना रहा है।
जब बयानों से बने अनोखे डिजिटल ट्रेंड
यह पहली बार नहीं है जब किसी राजनीतिक टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर इस तरह का दिलचस्प मोड़ लिया हो……
* कॉकरोच जनता पार्टी का बैकग्राउंड: सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी के बाद ‘Cockroach Janta Party’ नाम का डिजिटल अभियान उभरा था। इसके संस्थापक अभिजीत दीपके खुलकर सामने आए थे और देखते ही देखते यह पेज करोड़ों फॉलोअर्स के साथ इंटरनेट पर बड़ा व्यंग्यात्मक मंच बन गया।
* ‘दिमागी नक्सल’ का बढ़ता प्रभाव: अब इंस्टाग्राम, X और फेसबुक पर ‘Dimagi Naxal’ से जुड़े मिलते-जुलते पेजों की बाढ़ आ गई है। हालांकि, ‘कॉकरोच पार्टी’ के उलट इस नए पेज के पीछे कौन सा व्यक्ति या समूह सक्रिय है, उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं हो सकी है।
सोशल मीडिया का नया ‘पॉलिटिकल नैरेटिव’
यह पूरा घटनाक्रम साबित करता है कि आज की राजनीति सिर्फ संसद के गलियारों या टीवी स्टूडियो तक सीमित नहीं है। किसी बड़े मंच से निकला एक शब्द कुछ ही घंटों में मीम्स, नए डिजिटल ट्रेंड्स और वर्चुअल पार्टियों का शक्ल ले लेता है। ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ का तेजी से बढ़ता ग्राफ इसी नए दौर की डिजिटल राजनीति और व्यंग्य संस्कृति की दिलचस्प मिसाल पेश कर रहा है।