Epstein files : कल आने वाला है यौन अपराधी एपस्टीन से जुड़ा रिकार्ड , नजर रखिएगा…

Bindash Bol

कौशल किशोर शुक्ला

Epstein files : कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ा सरकारी रिकार्ड अमेरिका का ट्रंप प्रशासन कल यानी 19 दिसंबर को सार्वजनिक कर सकता है। इसके तहत एपस्टीन से जुड़े सभी ईमेल, तस्वीरें और दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएंगे। मकसद भले एपस्टीन के पूरे नेटवर्क के सच को सामने लाना हो, मगर इससे पूरी दुनिया में खलबली मची है, जी हां, अपने भारत में भी।

एपस्टीन से संबंधित दस्तावेजों के सार्वजनिक होने के यह साफ हो सकता है कि उसने किन लोगों के साथ मिलकर नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया था और यह सब कैसे चलता रहा। आरोप है कि यौन अपराधी के नेटवर्क में नाबालिग लड़कियों का शोषण होता था और दुनिया के कई बेहद ताकतवर लोग नेटवर्क से जुड़कर मौज मस्ती करते थे।

इस मामले से जुड़ी 19 तस्वीरें 12 दिसंबर को सार्वजनिक हुई थीं, जिनमें तीन ट्रंप की थीं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, अरबपति बिल गेट्स जैसे बड़ी हस्तियों की तस्वीरें भी इसमें शामिल थीं। अन्य प्रमुख लोगों में ब्रिटिश किंग के भाई प्रिंस एंड्रयू, ट्रंप के पूर्व सलाहकार स्टीव बैनन, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के पूर्व अध्यक्ष लैरी समर्स, फिल्म निर्माता वुडी एलन, व्यवसायी रिचर्ड ब्रैनसन व मशहूर एडवोकेट एलन डर्शोविट्ज के नाम भी सामने आए हैं।

एपस्टीन से जुड़ा क्या-क्या पब्लिक होगा

  • जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलें
  • एपस्टीन की प्रेमिका गिस्लेन मैक्सवेल से जुड़ी फाइलें
  • एपस्टीन की हवाई यात्रा के रिकॉर्ड
  • फोरेंसिक रिपोर्ट्स
  • एपस्टीन की 2019 में हुई मौत से जुड़े दस्तावेज
  • उन सभी लोगों या कंपनियों के नाम जो एपस्टीन से जुड़े​​​​​​

एपस्टीन केस में 9 प्रॉमिनेंट पर्सन का नाम आया

जेफ्री एपस्टीन की संपत्ति से जारी 19 तस्वीरों में 9 बड़ी हस्तियों के नाम सामने आए हैं। ये तस्वीरें सीधे तौर पर किसी को अपराधी साबित नहीं करतीं, लेकिन इन्हें एपस्टीन के साथ दिखाती हैं जिससे विवाद और सवाल खड़े हो रहे हैं।

  • डोनाल्ड ट्रम्प (अमेरिकी राष्ट्रपति)
  • बिल क्लिंटन (पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति)
  • बिल गेट्स (अरबपति)
  • प्रिंस एंड्रयू (ब्रिटिश किंग के भाई)
  • स्टीव बैनन (ट्रम्प के पूर्व सलाहकार)
  • लैरी समर्स (हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के पूर्व अध्यक्ष)
  • वुडी एलन (फिल्म निर्माता)
  • रिचर्ड ब्रैनसन (बिजनेसमैन)
  • एलन डर्शोविट्ज (मशहूर वकील)

सुब्रमण्यम स्वामी का दावा है कि एपस्टीन के दस्तावेजों से कुछ भारतीय मंत्रियों, पूर्व मंत्री और मौजूदा सांसदों के नाम भी सामने आ सकते हैं। हालांकि, अमेरिका के न्याय विभाग ने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है, मगर खलबली तो है, भाई लोग हंगामा मचाए हुए हैं, दस्तावेजों में उनके नाम मिले तो पद से इस्तीफे स्वाभाविक हो जाएंगे और संकट सरकार को भी लपेटे में लेने की गुंजाइशें तलाशने लगेगा।

वैसे उन लोगों की संख्या भी कम नहीं, जो यह कह रहे हैं कि रिपोर्ट के सार्वजनिक होने से कुछ नहीं होगा, कुछ दिनों में मामला ठंडा पड़ जाएगा।

मैं उनसे सहमत हूं, खासकर इसलिए कि इन दिनों यही कुछ हो रहा है। मामले आते हैं, गरमाते हैं, चर्चा-बहस सब होती है, लगता है कि अबकी बार आर-पार और ठीक तभी कोई दूसरा पहलू सामने आ जाता है और हम उसमें बेहद संजीदगी से मशगूल हो जाते हैं, ऐसा लगता है कि संयोग है, मगर मैं कह सकता हूं कि यह सोचा समझा प्रयोग है।

आप भी क्या ऐसा ही समझते हैं, जवाब तलाशिएगा, सोचिएगा, फिलहाल कल पर नजर रखिए।

Share This Article
Leave a Comment