FIFA World Cup 2026 : फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। ग्रुप-E के हाई-वोल्टेज मुकाबले में इक्वाडोर ने चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को 2-1 से हराकर इतिहास रच दिया। न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच के साथ ही इक्वाडोर ने पहली बार नहीं, बल्कि दूसरी बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण (राउंड ऑफ-32) में जगह बना ली।
शुरुआती झटके के बाद शानदार वापसी
मैच की शुरुआत जर्मनी के नाम रही। दूसरे ही मिनट में लेरॉय साने ने गोल दागकर जर्मनी को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, इस गोल से पहले हुए कथित फाउल को लेकर इक्वाडोर के खिलाड़ियों ने रेफरी के फैसले पर नाराजगी जताई।
लेकिन इक्वाडोर ने हार नहीं मानी। 20वें मिनट में विंगर निल्सन एंगुलो ने लगभग 20 गज की दूरी से शानदार शॉट लगाकर मैनुअल न्यूअर को छकाया और स्कोर 1-1 कर दिया। इस गोल के बाद इक्वाडोर ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
प्लाटा के गोल ने पलटा मुकाबला
दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। जर्मनी के कोच जूलियन नागेल्समैन ने कई बदलाव किए, लेकिन इक्वाडोर का दबाव लगातार बना रहा। आखिरकार 77वें मिनट में कॉर्नर किक पर केविन रोड्रिग्ज के हेडर के बाद गोंजालो प्लाटा ने नजदीक से गेंद को गोल में पहुंचाकर इक्वाडोर को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी।
इस जीत के साथ इक्वाडोर टूर्नामेंट की आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल होकर राउंड ऑफ-32 में पहुंच गया।
हार के बावजूद जर्मनी टॉप पर
हालांकि इस हार से जर्मनी को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। टीम ग्रुप-E में शीर्ष स्थान पर रही और अब नॉकआउट चरण में तीसरे स्थान पर रहने वाली किसी टीम से भिड़ेगी। जर्मनी 2014 में विश्व कप जीतने के बाद पहली बार नॉकआउट मुकाबला खेलेगी, क्योंकि 2018 और 2022 के दोनों संस्करणों में वह ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी।