Vaibhav Sooryavanshi: डेब्यू करते ही इतिहास रच सकते हैं वैभव सूर्यवंशी, निशाने पर सचिन-रोहित समेत 5 बड़े रिकॉर्ड

Bindash Bol

Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट का नया उभरता सितारा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इन दिनों सुर्खियों में है। आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए उन्हें पहली बार सीनियर भारतीय टीम में जगह मिली है। सीरीज का पहला मुकाबला आज यानी 26 जून को खेला जाएगा। यदि वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वह मैदान पर उतरते ही भारतीय क्रिकेट के कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। उनके निशाने पर सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे और ईशान किशन जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड हैं।

1. भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बनने का मौका

भारतीय पुरुष क्रिकेट में सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने का रिकॉर्ड महान सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल और 205 दिन की उम्र में अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था। अगर वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ टी20 डेब्यू का मौका मिलता है, तो वह महज 15 साल की उम्र में मैदान पर उतरकर सचिन का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे और भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बन जाएंगे।

2. डेब्यू टी20 पारी में सबसे ज्यादा छक्के

भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड ईशान किशन के नाम दर्ज है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में अपने पहले टी20 मैच में 4 छक्के लगाए थे। यदि वैभव अपने डेब्यू मुकाबले में 5 छक्के जड़ देते हैं, तो वह इस रिकॉर्ड पर कब्जा कर लेंगे।

3. डेब्यू टी20 मैच में सबसे बड़ी पारी

भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अजिंक्य रहाणे के नाम है। उन्होंने 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ 39 गेंदों पर 61 रन बनाए थे। अगर वैभव अपने पहले ही मुकाबले में 62 रन बना लेते हैं, तो यह रिकॉर्ड भी उनके नाम हो जाएगा।

4. आयरलैंड में रन बनाने वाले पहले भारतीय टी20 डेब्यूडेंट

भारतीय टीम के चार खिलाड़ी—सिद्धार्थ कौल, उमरान मलिक, प्रसिद्ध कृष्णा और रिंकू सिंह—आयरलैंड की धरती पर अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू कर चुके हैं। हालांकि, इन चारों में से कोई भी अपने पहले मैच में खाता नहीं खोल सका था। ऐसे में अगर वैभव डेब्यू करते हुए एक भी रन बना लेते हैं, तो वह आयरलैंड में रन बनाने वाले पहले भारतीय टी20 डेब्यूडेंट बन जाएंगे।

5. आयरलैंड में भारतीय ओपनर का सबसे बड़ा टी20 स्कोर

आयरलैंड की धरती पर टी20 क्रिकेट में भारतीय ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। रोहित ने वहां 159.01 के स्ट्राइक रेट से 97 रन बनाए हैं। यदि वैभव ओपनिंग करते हुए अपने पहले ही मैच में 98 रन बना देते हैं, तो वह रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर आयरलैंड में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय टी20 ओपनर बन जाएंगे।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है और क्या वह अपने डेब्यू मैच को ऐतिहासिक बना पाते हैं।

Share This Article
Leave a Comment