Govardhan Puja : गोवर्धन भगवान की पूजा कैसे करें, यहां जानिए पूरी विधि, शुभ मुहूर्त, मंत्र, कथा और आरती

Bindash Bol

Govardhan Puja :गोवर्धन पूजा का पावन पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाता है। इस साल यह तिथि 9 नवंबर 2026 की दोपहर 12 बजकर 31 मिनट से 10 नवंबर 2026 की दोपहर 2 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार यह पावन पर्व आज यानी 10 नवंबर 2026 को मनाया जा रहा है। इसे अन्नकूट पूजा के नाम से भी जाना जाता है। तो वहीं महाराष्ट्र में यह दिन बलि प्रतिपदा के रूप में मनाया जाता है। आज गाय के गोबर से गोवर्धन की मनुष्य स्वरूप आकृति बनायी जाती है और सोलह उपचारों के साथ उसकी पूजा की जाती है। तो वहीं कुछ जगहों पर पर्वत के समान आकृति बनाकर भी गोवर्धन की पूजा की जाती है। कहते हैं इस दिन घर पर गोवर्धन बनाकर उसके चारों ओर 7 परिक्रमा लगाने से वास्तविक गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा के बराबर फल मिलता है। चलिए अब जानते हैं गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त और पूजा विधि से लेकर सारी जरूरी जानकारी।

गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त 2026

आज गोवर्धन पूजा का प्रातःकाल मुहूर्त 06:40 से 08:50 तक रहेगा और सायंकाल मुहूर्त 03:46 PM से शाम 06:02 PM तक रहेगा।

गोवर्धन पूजा की विधि

* इस दिन घर के आंगन या खुले स्थान पर गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर उसे फूलों से सजाना चाहिए।

* फिर बनाए गए गोवर्धन पर्वत को फूल, रोली, अक्षत, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित करें।

* इसके बाद भगवान कृष्ण की पूजा करें।

* गोवर्धन महाराज को खीर, बताशे, कढ़ी-चावल, मिठाइयां, मौसमी सब्जियों और तरह-तरह के सात्विक व्यंजन से बने अन्नकूट का भोग लगाएं।

* फिर गोवर्धन पर्वत की आकृति की सात बार परिक्रमा की जाती है और साथ में जल का अर्घ्य दिया जाता है।

* अंत में गोवर्धन भगवान और भगवान कृष्ण की आरती करें और फिर प्रसाद सभी में बांट दें।

गोवर्धन भगवान की आरती
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज,तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।
तोपे पान चढ़े तोपे फूल चढ़े,तोपे चढ़े दूध की धार।
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।
तेरी सात कोस की परिकम्मा,चकलेश्वर है विश्राम।
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।
तेरे गले में कण्ठा साज रहेओ,ठोड़ी पे हीरा लाल।
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।
तेरे कानन कुण्डल चमक रहेओ,तेरी झाँकी बनी विशाल।
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।
गिरिराज धरण प्रभु तेरी शरण,करो भक्त का बेड़ा पार।
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ।

गोवर्धन पूजा चौघड़िया मुहूर्त 2026

* लाभ – उन्नति – 10:44 AM से 12:05 PM

* अमृत – सर्वोत्तम – 12:05 PM से 01:26 PM

* शुभ – उत्तम – 02:47 PM से 04:09 PM

* लाभ – उन्नति – 07:09 PM से 08:48 PM

गोवर्धन पूजा कैसे की जाती है?

आज गोवर्धन बनाकर उसे फूल आदि से सजाना चाहिए और धूप-दीप, खील-बताशे से गोवर्धन की पूजा करके, उसके चारों ओर सात परिक्रमा लगानी चाहिए। गोवर्धन पूजा को अन्नकूट के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन घरों और मंदिरों में अन्नकूट के रूप में कढ़ी, चावल, बाजरा और हरी सब्जियां मिलाकर बनाया गया भोजन खाने की और प्रसाद के रूप में बांटने की परंपरा है। कहते हैं आज जो व्यक्ति गोवर्धन के प्रसाद के रूप में ये सब चीजें खाता है और दूसरों को भी खिलाता है या दान करता है, उसके घर में अन्न के भंडार हमेशा भरे रहते हैं। शास्त्रों के अनुसार आज किया गया दान अक्षय हो जाता है और भगवान विष्णु का विशेष आशीर्वाद मिलता है।

गोवर्धन पूजा का शाम का शुभ मुहूर्त

गोवर्धन पूजा का शाम का शुभ मुहूर्त 03:46 PM से शाम 06:02 PM तक रहेगा। इस मुहूर्त में विधि विधान गोवर्धन भगवान की पूजा करें और आरती उतारें।

गोवर्धन पूजा की पौराणिक कथा

गोवर्धन पूजा की पौराणिक कथा के अनुसार, ब्रज में लोग हर साल इंद्रदेव की पूजा किया करते थे ताकि वर्षा अच्छी हो और उनकी फसलें हरी-भरी रहें। इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए भव्य भेंट और अनाज अर्पित किया जाता था। जब भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रज के लोगों को इंद्रदेव की पूजा करते देखा तो उन्होंने ब्रजवासियों को समझाया कि असली पूजा प्रकृति और गोवर्धन पर्वत की करनी चाहिए, क्योंकि यही हमारी जीविका और जीवन का आधार हैं। श्रीकृष्ण जी के कहने पर सभी ने गोवर्धन पर्वत की पूजा करना शुरू कर दिया। जब इंद्रदेव को इस बात का पता चला कि लोग उनकी पूजा न करके गोवर्धन पर्वत की पूजा कर रहे हैं तो उन्होंने क्रोधित होकर ब्रज में भारी वर्षा और आंधी तूफान ला दिया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाया और सभी ब्रजवासियों और उनकी गायों को तेज बारिश और तूफान से बचाया। कहते हैं तभी से हर साल कार्तिक मास की प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाया जाने लगा। इस दिन गोवर्धन का छोटा पर्वत बनाया जाता है और उसकी पूजा की जाती है और विविध प्रकार के पकवान अर्पित किए जाते हैं।

गोवर्धन पर्वत किस दिशा में बनाएं

गोवर्धन भगवान की आकृति इस तरह से बनाएं कि उनका मुख पश्चिम दिशा की तरह रहे।

घर पर गोवर्धन कैसे बनाएं?

गोवर्धन बनाने के लिए ताजा गाय का गोबर, तुलसी पत्ता, कंडे, दीया, हल्दी, कुमकुम, थोड़ी सी मिटटी, फूल, लकड़ी की प्लेट या चौका इत्यादि चीजों की जरूरत पड़ेगी।
फिर जहां गोवर्धन बनाना है उस स्थान को गंगाजल से शुद्ध कर लें।
फिर गोबर का एक बड़ा ढेर बनाकर पहाड़ी का आकार दें।
फिर एक लकड़ी से इस ढांचे की आंख, नाक बनाकर इसे एक चेहरे का आकार दें।
बनाए गई आकृति को सूखने के बाद मुकुट और कपड़े पहना दें।
इसके बाद गोबर से छोटे-छोटे गोले बनाकर गाय, बछड़े और पेड़ की आकृतियां भी तैयार करें।
पहाड़ी के बीच में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा रखें।
बनाए गई गोवर्धन प्रतिमा के आसपास फूल, फूलों की माला, खील और हल्दी-कुमकुम से सजावट करें।
फिर गोवर्धन भगवान के माथे पर सफेद या पीले रंग का तिलक लगाएं और उन्हें फूल अर्पित करें।

गोवर्धन पूजा मन्त्र

गोवर्धन पूजा के समय भगवान गोवर्धन का स्मरण करते हुये यथाशक्ति निम्नोक्त मन्त्र का जाप करना चाहिये –

गोवर्धन धराधार गोकुलत्राणकारक।
बहुबाहुकृतच्छाय गवां कोटिप्रदो भव॥

गोवर्धन पूजा भजन

सच्चिदानंद रूपाय विश्वोत्पत्यादिहेतवे,
तापत्रय विनाशाय श्री कृष्णाय वयं नम: ॥

श्री कृष्ण गोविन्द हरे मुरारी,
हे नाथ नारायण वासुदेवा ॥
हे नाथ नारायण…॥
पितु मात स्वामी, सखा हमारे,
हे नाथ नारायण वासुदेवा ॥
हे नाथ नारायण…॥
॥ श्री कृष्ण गोविन्द हरे मुरारी…॥
बंदी गृह के, तुम अवतारी
कही जन्मे, कही पले मुरारी
किसी के जाये, किसी के कहाये
है अद्भुद, हर बात तिहारी ॥
है अद्भुद, हर बात तिहारी ॥
गोकुल में चमके, मथुरा के तारे
हे नाथ नारायण वासुदेवा ॥

श्री कृष्ण गोविन्द हरे मुरारी,
हे नाथ नारायण वासुदेवा ॥
पितु मात स्वामी, सखा हमारे,
हे नाथ नारायण वासुदेवा ॥

अधर पे बंशी, ह्रदय में राधे
बट गए दोनों में, आधे आधे
हे राधा नागर, हे भक्त वत्सल
सदैव भक्तों के, काम साधे ॥
सदैव भक्तों के, काम साधे ॥
वही गए वही, गए वही गए
जहाँ गए पुकारे
हे नाथ नारायण वासुदेवा॥

श्री कृष्ण गोविन्द हरे मुरारी,
हे नाथ नारायण वासुदेवा ॥
पितु मात स्वामी सखा हमारे,
हे नाथ नारायण वासुदेवा ॥

गीता में उपदेश सुनाया
धर्म युद्ध को धर्म बताया
कर्म तू कर मत रख फल की इच्छा
यह सन्देश तुम्ही से पाया
अमर है गीता के बोल सारे
हे नाथ नारायण वासुदेवा ॥

श्री कृष्णा गोविन्द हरे मुरारी,
हे नाथ नारायण वासुदेवा ॥
पितु मात स्वामी सखा हमारे,
हे नाथ नारायण वासुदेवा ॥

त्वमेव माता च पिता त्वमेव
त्वमेव बंधू सखा त्वमेव
त्वमेव विद्या द्रविणं त्वमेव
त्वमेव सर्वं मम देव देवा
॥ श्री कृष्णा गोविन्द हरे मुरारी…॥

राधे कृष्णा राधे कृष्णा
राधे राधे कृष्णा कृष्णा ॥
राधे कृष्णा राधे कृष्णा
राधे राधे कृष्णा कृष्णा ॥

हरी बोल, हरी बोल,
हरी बोल, हरी बोल ॥

राधे कृष्णा राधे कृष्णा
राधे राधे कृष्णा कृष्णा
राधे कृष्णा राधे कृष्णा
राधे राधे कृष्णा कृष्णा ॥

गोवर्धन पूजा की आरती

श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज,
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ ।
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज,
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ ।
तोपे* पान चढ़े, तोपे फूल चढ़े,
तोपे चढ़े दूध की धार ।
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज,
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ ।
तेरे गले में कंठा साज रेहेओ,
ठोड़ी पे हीरा लाल ।
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज,
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ ।
तेरे कानन कुंडल चमक रहेओ,
तेरी झांकी बनी विशाल ।
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज,
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ ।
तेरी सात कोस की परिकम्मा,
चकलेश्वर है विश्राम ।
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज,
तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ ।
गिरिराज धारण प्रभु तेरी शरण ।

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. बिंदास बोल न्यूज़ इसकी पुष्टि नहीं करता है.

Share This Article
Leave a Comment