Jharkhand : झारखंड में गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत केड़ेंग गांव में जमीन सीमांकन के लिए गई अंचल कार्यालय की टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिन्हा को घेर लिया। जमीन सीमांकन से नाराज महिलाओं ने राजस्व कर्मचारी की पिटाई कर दी।
स्थानीय ग्रामीणों के भारी हंगामे और मारपीट के बाद केड़ेंग गांव में सीमांकन का कार्य पूरा नहीं हो सका और पुलिस सुरक्षा में अंचल कार्यालय की टीम को वापस लौटना पड़ा।
विवादित भूमि की मापी करने पहुंची थी प्रशासनिक टीम
दरअसल, चैनपुर प्रखंड के केड़ेंग गांव में जमीन सीमांकन के लिए प्रशासनिक टीम पहुंची थी। शिव प्रसाद नामक एक व्यक्ति की ओर से दिए गए ऑनलाइन आवेदन के आलोक में अंचल कार्यालय से एक टीम विवादित भूमि की मापी करने पहुंची थी। लेकिन, राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिन्हा, नरेंद्र सेठ और अंचल अमीन उमाशंकर उरांव जैसे ही घटनास्थल पर पहुंचे, नाराज ग्रामीणों ने उन पर हमला बोल दिया।
पुलिस से पहले पहुंच गए थे कर्मचारी
बताया गया है कि पुलिस बल की मौजूदगी में मापी होनी थी, लेकिन राजस्व कर्मचारी पुलिस के पहुंचने से पहले ही घटनास्थल पर पहुंच गए। इसी बीच, गांव के कुछ लोगों ने राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिन्हा को घेर लिया। एक महिला ने उन्हें चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से कर्मचारी पूरी तरह घिर गए और किसी तरह जान बचाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन उपद्रवियों ने उन्हें खदेड़-खदेड़ कर पीटा। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस प्रयास के बावजूद सीमांकन नहीं को सका
हंगामे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन तब तक स्थिति तनावपूर्ण हो चुकी थी। ग्रामीणों के जोरदार विरोध के कारण जमीन सीमांकन का कार्य शुरू ही नहीं हो पाया। जिसके बाद अंचल के सभी कर्मचारी और पुलिस बल को वापस लौटना पड़ा।
सरकारी कामकाज में बाधा उत्पन्न करने का आरोप
राजस्व कर्मचारी का कहना है कि वे केवल अपने विभागीय आदेश का पालन कर रहे थे। इस हमले ने न केवल सरकारी कामकाज में बाधा उत्पन्न की है, बल्कि अंचल कर्मियों के बीच भय का माहौल भी पैदा कर दिया है। प्रशासन अब इस मामले में दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की बात कह रहा है।