JPL2026 : झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) 2026 का भव्य आगाज बुधवार को रांची स्थित JSCA International Stadium Complex में जबरदस्त उत्साह और क्रिकेट प्रेमियों की भारी मौजूदगी के बीच हुआ। क्रिकेट, संगीत, संस्कृति और मनोरंजन के शानदार संगम ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी, बॉलीवुड गायिका कणिका कपूर की प्रस्तुति, नगपुरिया और जनजातीय नृत्य-संगीत की रंगारंग झलकियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। दिन में खेले गए उद्घाटन मुकाबले के बाद आयोजित आधिकारिक समारोह में हजारों क्रिकेट प्रेमियों की मौजूदगी के बीच महेंद्र सिंह धोनी ने टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया।


धोनी ने लीग में भाग ले रही सभी छह टीमों के युवा कप्तानों के साथ ट्रॉफी का अनावरण किया और उसे ऊंचा उठाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंज उठा। अपने संबोधन में धोनी ने कहा कि झारखंड में क्रिकेट के प्रति लोगों का जुनून लगातार बढ़ रहा है, जो राज्य के क्रिकेट भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा कि दिन में धूप और भीषण गर्मी और फिर शाम के वक्त बीच-बीच में हुई बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शकों का मैदान तक पहुंचना यह दर्शाता है कि यहां के लोगों में क्रिकेट के प्रति कितना प्रेम है। उन्होंने खिलाड़ियों से कड़ी मेहनत जारी रखने और दर्शकों से लगातार उनका मनोबल बढ़ाने की अपील की।

उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड की मशहूर गायिका कणिका कपूर ने अपने सुपरहिट गीतों से समां बांध दिया। चिट्टियां कलाइयां और देसी लुक जैसे गानों पर पूरा स्टेडियम झूम उठा। वहीं, झारखंड के लोकप्रिय अभिनेता और गायक विवेक नायक ने नगपुरिया गीतों की प्रस्तुति देकर स्थानीय संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश की। इसके अलावा छऊ नृत्य और जनजातीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भव्य बना दिया।
इस अवसर पर जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, सचिव सौरव तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह लीग राज्य को नए क्रिकेट सितारे देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

पहला मुकाबला उद्घाटन दिवस पर क्रिकेट मैदान पर भी जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। पहले मुकाबले में रांची टाइटंस ने छोटानागपुर रॉयल्स को पांच रन से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का जमकर उत्साहवर्धन किया और पूरे स्टेडियम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
दूसरा मुकाबला दिन का दूसरा मुकाबला कोलांचल सुपर किंग और जमशेदपुर स्टीलर्स के बीच खेला गया, जिसमें कोलांचल सुपर किंग ने एकतरफा अंदाज में 122 रन की बड़ी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलांचल सुपर किंग ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टीम की ओर से शरनदीप सिंह भाटिया ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 57 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए. उनकी शानदार पारी में 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। शरनदीप की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने जमशेदपुर स्टीलर्स के गेंदबाज बेबस नजर आए। 251 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की टीम दबाव में बिखर गई और 14.2 ओवर में 128 रन पर 9 विकेट गंवा बैठी।

कोलांचल सुपर किंग के गेंदबाज राहुल प्रसाद ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। शानदार शतक के लिए शरनदीप सिंह भाटिया को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि राहुल प्रसाद को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला।
स्टेडियम बना क्रिकेट का महाकुंभ
JPL के पहले ही दिन रांची का JSCA स्टेडियम क्रिकेट प्रेमियों से खचाखच भर गया। सुबह से ही स्टेडियम के बाहर दर्शकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक मैच देखने पहुंचे।
स्टेडियम के भीतर हर तरफ क्रिकेट का उत्सव नजर आया। दर्शक अपनी पसंदीदा टीमों और खिलाड़ियों के समर्थन में नारे लगाते रहे। जैसे ही मैच शुरू हुआ, तालियों और जयघोष से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। माहौल ऐसा था मानो कोई राष्ट्रीय स्तर का बड़ा टूर्नामेंट खेला जा रहा हो।
दर्शकों की भीड़ ने बढ़ाई व्यवस्थाओं की चुनौती
क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्टेडियम के विंग-सी और विंग-डी के लोअर टियर पूरी तरह भर गए। इसके बाद अन्य स्टैंड्स में भी दर्शकों का जमावड़ा बढ़ता गया। बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्टेडियम प्रबंधन को अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ीं और अन्य टियर खोलने पर भी विचार किया गया, ता
कि किसी भी दर्शक को निराश होकर लौटना न पड़े।

अजय नाथ शाहदेव ने सराहा दर्शकों का उत्साह
टूर्नामेंट के दौरान JSCA के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव भी स्टेडियम पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दर्शकों के बीच जाकर उनसे बातचीत की और आयोजन को लेकर उनकी प्रतिक्रियाएं जानीं।
अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि दर्शकों का यह अभूतपूर्व उत्साह झारखंड में क्रिकेट के प्रति लोगों के गहरे लगाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर के टूर्नामेंट के लिए इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों का पहुंचना सुखद और प्रेरणादायक है। यह समर्थन खिलाड़ियों के मनोबल को नई ऊर्जा देगा।
धोनी की एक झलक पाने को बेताब रहे फैंस
स्टेडियम में मौजूद क्रिकेट प्रेमियों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा भारत के पूर्व कप्तान और झारखंड की शान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर रही। दर्शकों की निगाहें लगातार धोनी को तलाशती रहीं। कई प्रशंसक अपने मोबाइल कैमरे तैयार रखे हुए थे, ताकि उन्हें अपने चहेते खिलाड़ी की एक झलक मिल सके।
पहले दिन ने ही बढ़ाया टूर्नामेंट का रोमांच
JPL के उद्घाटन दिवस पर उमड़ी भीड़ और दर्शकों के जोश ने साफ संकेत दे दिया कि झारखंड में क्रिकेट का जुनून किसी बड़े राष्ट्रीय आयोजन से कम नहीं है। क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह ने न सिर्फ टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत कराई, बल्कि आगामी मुकाबलों के लिए भी रोमांचक माहौल तैयार कर दिया है। JPL का यह सीजन झारखंड क्रिकेट के लिए एक नए उत्सव के रूप में उभरता दिखाई दे रहा है।