JPSC-JSSC students protest: भाजपा ने किया 11 अगस्त को झारखंड बंद का ऐलान, प्रशासन ने कड़ी की सुरक्षा व्यवस्था

Bindash Bol

JPSC-JSSC students protest : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है. इस दौरान छात्रों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और विधानसभा की ओर बढ़ने लगे. छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठी चार्ज किया. भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया.

जयराम महतो ने देवेंद्र नाथ महतो से की मुलाकात

डुमरी विधायक जयराम महतो रांची सदर अस्पताल पहुंचे. देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली.

छात्रों का आरोप- अंधेरा होने पर बदल गया पुलिस का तरीका, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

अंधेरा होने पर मीडिया के हटते ही विधानसभा गेट के सामने सड़क पर बैठे छात्रों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया है. पुलिस वालों ने लड़कियों को भी पीटा है. छात्रों का कहना है कि सभी छात्र शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा गेट के सामने की सड़कों पर बैठे हुए थे लेकिन अंधेरा होते ही पुलिस का तरीका बदल गया.

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी

देवेंद्र नाथ मेहतो की तबीयत बिगड़ गयी है. अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.

भाजपा ने किया झारखंड बंद का ऐलान

भाजपा ने छात्र आंदोलन को लेकर मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है. भाजपा द्वारा बुलाए गए झारखंड बंद को देखते हुए रांची के कई स्कूल प्रबंधन ने स्कूल बंद रखने की घोषणा की है.

आंदोलरत छात्रों को सीएम का संदेश, मुख्यमंत्री ने दोहरायी संवाद की बात

रांची में छात्रों के आंदोलन को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर पोस्ट के जरिए छात्रों को संदेश दिया है. सीएम इसके माध्यम से संवाद की बात दोहरायी है. वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित सभी भाजपा नेताओं को कैंप जेल से छोड़ दिया गया है. सीआईडी द्वारा गिरफ्तार होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने से पहले जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते का रांची सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराया गया.

जारी रहेगा आंदोलन

विधानसभा से छात्रों को बलपूर्वक हटाया गया. लाठीचार्ज में कई घायल, आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया.

देवेंद्र नाथ महतो की सरकार को चेतावनी, कहा- यह आंदोलन रुकने वाला नहीं

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह आंदोलन अब रुकने वाला नहीं है और यह जन-आंदोलन का रूप ले चुका है. उन्होंने जोर देते हुए कहा, “‘युवा’ शब्द का उल्टा ‘वायु’ होता है और वायु को कोई नहीं रोक सकता.” महतो ने प्रदर्शनकारियों के दर्द का जिक्र करते हुए बताया कि इस विधानसभा मार्च में छात्रों की पीड़ा साफ दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि नौ दिन की भूख हड़ताल के बावजूद वे एंबुलेंस से पहुंचे और स्ट्रेचर पर लेटे हुए इस मार्च में शामिल हुए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है तथा वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल कर रही है, जिसे उन्होंने निंदनीय बताया. छात्र नेता ने कहा कि सरकार डरी हुई है और यह कायर सरकार है. जब भी सरकार घबराती है, तब वह पुलिस को आगे कर देती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थी आगे बढ़ते रहेंगे. सरकार के साथ तीन दौर की बातचीत हो चुकी है और अब सरकार को उनकी मांगें माननी चाहिए. अगर छात्रों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो मुख्यमंत्री पद खतरे में पड़ सकता है और सरकार हिल जाएगी. महतो ने दोहराया कि यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है, यह अब जन-आंदोलन बन चुका है और ‘युवा’ का उल्टा ‘वायु’ होने के कारण इसे कोई नहीं रोक सकता.

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

पुलिस ने उन्हें वहां से हटाया और कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. विधानसभा के गेट नंबर एक के सामने नौ दिनों से अनशन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी आंदोलनकारियों के साथ डटे थे. पुलिस उन्हें जबरन एंबुलेंस पर लादकर मौके से ले गई. महतो नौ दिनों की भूख हड़ताल के बावजूद सोमवार को एंबुलेंस और बाद में स्ट्रेचर के जरिए प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे थे.

Share This Article
Leave a Comment