JPSC-JSSC students protest: 9 दिन का अनशन, फिर पुलिस से धक्का-मुक्की… देवेंद्रनाथ महतो की हालत बिगड़ी, ऑक्सीजन सपोर्ट पर

Bindash Bol

JPSC-JSSC students protest: रांची में छात्र आंदोलन के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जेएलकेएम नेता और छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल देवेंद्रनाथ महतो की सोमवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे महतो को रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर है और उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान महतो की तस्वीरें आंदोलन की सबसे बड़ी कहानी बन गईं। एंबुलेंस से विधानसभा की ओर जाते वक्त जगन्नाथपुर मंदिर के पास उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद समर्थकों ने कपड़े और डंडों से बनी पालकी तैयार की और उन्हें कंधों पर उठाकर विधानसभा के करीब तक पहुंचाया।

शाम करीब 6:30 बजे विधानसभा घेराव के बाद छात्र और अभ्यर्थी लौट रहे थे। इसी दौरान छात्रों और प्रशासन के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार नहीं थे। महतो भी आंदोलनकारियों के साथ सड़क पर बैठ गए।
इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसी दौरान महतो को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालत बिगड़ने पर उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया।

हालांकि, किसी बड़ी चोट की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। लेकिन नौ दिनों से जारी भूख हड़ताल और उसके बाद हुए घटनाक्रम ने उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

एक तरफ हजारों छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़क पर हैं, दूसरी तरफ नौ दिन से अनशन कर रहे आंदोलन के चेहरे की हालत अस्पताल में गंभीर बताई जा रही है। रांची का छात्र आंदोलन अब सिर्फ परीक्षा और नियुक्ति की मांग तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि सोमवार की घटनाओं के बाद सरकार और आंदोलनकारियों के बीच टकराव और तेज होता नजर आ रहा है।

Share This Article
Leave a Comment