Lucknow : लखनऊ अग्निकांड… कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, 15 की मौत, कई घायल; सीएम योगी ने रद्द किया अलीगढ़ दौरा

Bindash Bol

Lucknow : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। एक बहुमंजिला इमारत में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों और घने धुएं के बीच दूसरी मंजिल पर संचालित कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने की कोशिश में कई लोगों ने छज्जों और छतों से छलांग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई आग, पूरी बिल्डिंग चपेट में आई

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित हेड हॉपर 3D आर्ट स्टूडियो में लगी। कुछ ही मिनटों में आग पूरी इमारत में फैल गई और दूसरी मंजिल तक पहुंच गई, जहां कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

पेट शॉप से सुरक्षित निकाले गए पालतू जानवर

इमारत के निचले हिस्से में एक पेट शॉप भी संचालित थी। राहत एवं बचाव दल ने समय रहते वहां मौजूद पालतू जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

घने धुएं ने बढ़ाई राहत कार्य की चुनौती

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग के बाद पूरी इमारत घने धुएं से भर गई, जिससे अंदर फंसे लोगों तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया। बचाव दल को कई स्थानों पर दीवारें काटकर अंदर प्रवेश करना पड़ा। फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीमों ने घंटों तक अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला।

15 की मौत, कई घायल, रेस्क्यू जारी

प्रशासन के अनुसार, अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। कई घायलों को स्ट्रेचर और गीले कंबलों की सहायता से बाहर लाया गया। राहत दल अभी भी इमारत के भीतर फंसे लोगों की तलाश में जुटा है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

दो दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात

हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब दो दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए लगातार पानी की बौछार की जा रही है। एनडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस और प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। मौके पर डीजी फायर, जेसीपी, एलडीए और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

KGMU ट्रॉमा सेंटर में चल रहा घायलों का इलाज

रेस्क्यू के दौरान बाहर निकाले गए कई घायलों को तत्काल किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की विशेष टीम घायलों की निगरानी कर रही है। कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

कई लोगों को गंभीर हालत में निकाला गया

बचाव अभियान के दौरान कई लोगों को अचेत अवस्था में इमारत से बाहर लाया गया। एक व्यक्ति को गंभीर हालत में एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को गीले कंबलों में लपेटकर स्ट्रेचर के माध्यम से बाहर निकाला गया। प्रशासन ने अभी उनकी स्थिति पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

मुख्यमंत्री योगी ने लिया तत्काल संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

अलीगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वह रात में वहीं रुकने वाले थे, लेकिन लखनऊ में हुई इस बड़ी दुर्घटना के कारण उन्होंने अपना कार्यक्रम रद्द कर तुरंत राजधानी लौटने का निर्णय लिया, ताकि पीड़ित परिवारों से मिल सकें और राहत कार्यों की समीक्षा कर सकें।

डिप्टी सीएम भावुक, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मृतकों की जानकारी देते समय भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।

फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या तथा हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment