Pappu Yadav Attack: ‘हमारे पास चाकू नहीं था…’, पप्पू यादव पर हमले के आरोपी का दावा

Bindash Bol

Pappu Yadav Attack: पूर्णिया से निर्दलीय उम्मीदवार पूप्पू यादव के प्रेस कॉन्फ्रेंस में रविवार को जमकर हंगामा हुआ. आरोप है कि एक युवक सुमित ने उन पर हमला करने की कोशिश की. इस पर पप्पू यादव ने कहा कि उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है. वहीं इस मामले पर आरोपी सुमित के दोस्त हैप्पी ने कहा कि हम भगवान और साधु संतों पर मजाक बर्दाश्त नहीं करेंगे. पप्पू यादव पर चाकू से हमले आरोपों पर उसने कहा कि हम कोई चाकू नहीं लेकर गए थे, हम सिर्फ बात करने गए थे, हमें फंसाने की कोशिश की जा रही है.

बता दें कि आरोपी सुमित सांसद पप्पू यादव से मिलने का बहाना बनाकर उनके आवास में दाखिल हुआ था. सुमित गाजियाबाद में स्क्रैप का काम करता है. सुमित अपने साथी हैप्पी के साथ दिल्ली अपनी कार सही करवाने के लिए आया था. दिल्ली आने के बाद गूगल पर सर्च करके यह दोनों सांसद पप्पू यादव के आवास पर पहुंचे थे.

‘हम किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं’

हैप्पी ने बताया कि पप्पू यादव साधु संतों का अपमान कर रहे थे इसीलिए हम प्रश्न करने के लिए पहुंचे थे. और इसी दौरान उनके लोगों ने हमारी पिटाई करनी शुरू कर दी. हम किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़े हुए नहीं हैं. हैप्पी ने कहा कि समाज में सवाल करने का सभी को अधिकार है. फिलहाल आरोपी सुमित दिल्ली पुलिस की हिरासत में है उससे पूछताछ जारी है. वहीं सुमित के साथी हैप्पी की तलाश जारी है. बताया जा रहा है कि जिस समय सुमित ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पप्पू यादव पर चप्पल फेंकी थी, उसके साथ हैप्पी मौजूद था.

पप्पू यादव पर फेंकी गई चप्पल

निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने रविवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर संसद परिसर में किए गए नाटक को सही ठहराया, जिसके बाद एक व्यक्ति ने उन पर चप्पल फेंक दी. इस घटना के बाद उनके समर्थकों और हमलावर के बीच हाथापाई हो गई. पप्पू यादव ने कहा कि वह ‘जान लेने की कोशिश’ से डरने वाले नहीं हैं.

राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश यादव पर FIR

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव शुक्रवार को किए गए अपने प्रदर्शन को लेकर बीजेपी, हिंदू संगठनों और अन्य लोगों के विरोध के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे. इस मामले में धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में वाराणसी में पप्पू यादव, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और फैजाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

बुलंदशहर का रहने वाला है आरोपी

पप्पू यादव जब प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उनके नाटक को लेकर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि उन्होंने भगवान राम का अपमान किया है. इसके बाद उसने पप्पू यादव पर चप्पल फेंक दी, जिसके बाद सांसद के समर्थकों और हमलावर के बीच हाथापाई हो गई. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की पहचान सुमित (34) के रूप में हुई है. वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला है और गाजियाबाद में लोहे का सामान बनाने का काम करता है. पुलिस के अनुसार उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. जांच अधिकारी उनके दावों की पुष्टि कर रहे हैं और घटना के पीछे की वजह पता लगा रहे हैं.

Share This Article
Leave a Comment