Pappu Yadav Attack : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर बीच कॉन्फ्रेंस में हमला किया गया है. दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक ने कथित तौर पर उन पर चप्पल फेंककर हमला कर दिया.
घटना के बाद मौके पर मौजूद समर्थकों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. घटना के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
संसद में साधु बनकर आए थे पप्पू यादव
पप्पू यादव उसी दिन से कई लोगों के निशाने पर हैं जब वे संसद में कथित राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर साधु का वेष धारण कर आए थे. उन्होंने चढ़ावा चोरी का आरोप लगाते हुए दानपात्र के साथ सीन क्रिएट किया था. इसके बाद से उन पर सनातन और संतों के अपमान के आरोप लग रहे हैं. उनके खिलाफ UP समेत कई जगहों पर FIR भी दर्ज की गई है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मचा बवाल
इसी हालिया संसद प्रदर्शन और उस पर उठे विवादों को लेकर ही पप्पू यादव संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनसे तीखे सवाल पूछने शुरू किए. शुरुआत में मामला केवल बहस तक सीमित रहा, लेकिन कुछ ही देर में विरोधी पक्ष की ओर से नारेबाजी शुरू हो गई. इसके बाद पप्पू यादव के समर्थक भी आक्रोशित हो गए और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.
देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक, फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई. हंगामा इतना बढ़ गया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल पर कुर्सियां तक फेंकी जाने लगीं. इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर पप्पू यादव पर चप्पल फेंक दी.
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद समर्थकों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की. बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपनी हिरासत में ले लिया. घटना के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
हत्या की साजिश का आरोप
घटना के बाद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि उनके घर में घुसकर उन पर हमला किया गया और यह उनकी हत्या की साजिश का हिस्सा था. उन्होंने दावा किया कि हमलावर ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी.
मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, ‘अब तो रोज बाबा लोग कहते हैं कि पप्पू यादव को मारो, जला डालो, 51 लाख रुपये देंगे. मुझे मारने की साजिश थी, लेकिन मैं बच गया.’
पप्पू यादव की PC में हंगामा करने वाला युवक कौन, क्यों था खफा? ये रही पूरी कुंडली
अब सवाल है कि आखिर आरोपी युवक पप्पू यादव से क्यों गुस्से में था. आखिर उसने प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच में पप्पू यादव पर हमले की कोशिश क्यों की? या उसके साथ भी कोई आया था. आइए आपको युवक की पूरी कुंडली के बारे में बताते हैं.
दरअसल, आरोपी युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी सुमित के रूप में हुई. 34 वर्षीय सुमित परिवार के साथ गाजियाबाद में रहता है और लोहे का काम करता है. उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक पप्पू यादव के भगवा रंग के कपड़े पहनने और राम मंदिर चंदा चोरी के पैसे की चोरी को लेकर हुए कथित राजनीतिक ड्रामे से नाराज था. इसी नाराजगी के चलते उसने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपना विरोध दर्ज कराने की कोशिश की.
सुमित सहपानी पुत्र फूल गिरी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की सिकंदराबाद तहसील के सहपानी गांव का रहने वाला है. दूसरे व्यक्ति का नाम हैप्पी है. बताया जा रहा है कि जब सुमित ने पप्पू यादव पर जूता फेंका, तब वह पप्पू यादव के घर के बाहर एक क्रेटा कार में मौजूद था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में पता चला है कि वे दोनों आज अपनी गाड़ी ठीक करवाने के लिए बुलंदशहर से दिल्ली आए थे. हालांकि घटना के बाद हैप्पी मौके से फरार हो गया. तिलकमार्ग थाने की पुलिस हैप्पी की तलाश में जुटी है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर के हाथ में चाकू भी था. गौरतलब है कि पप्पू यादव ने संसद परिसर में राम मंदिर चंदा चोरी के कथित मामले को लेकर प्रदर्शन किया था. उनके इस प्रदर्शन के बाद BJP समेत कई राजनीतिक दलों ने उनकी आलोचना की थी. इसी मुद्दे पर अपना पक्ष रखने के लिए उन्होंने अपने सरकारी आवास पर यह प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी.