PM Modi : 6 फरवरी 2013—दिल्ली विश्वविद्यालय का श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC)। गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर आते हैं और देश के आर्थिक नीति पक्षाघात (Policy Paralysis) पर सीधा हमला बोलते हैं। वह भाषण भारतीय राजनीति में ‘मोदी लहर’ की औपचारिक शुरुआत माना गया, जिसने युवाओं के बीच बदलाव की जमीन तैयार की थी।
ठीक 13 साल बाद, SRCC के शताब्दी समारोह के मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर खड़े थे। फर्क सिर्फ इतना था कि 2013 में जहां व्यवस्था के प्रति आक्रोश को उम्मीद में बदलने की चुनौती थी, वहीं 2026 में सोशल मीडिया और डिजिटल दौर की मुखर ‘जेन-जी’ (Gen-Z) से सीधे उनके ही अंदाज और शब्दावली में संवाद साधना था।
राजनीतिक तंज, जेन-जी की भाषा और 2013 बनाम 2026 के आर्थिक तुलनात्मक ब्योरे से सजे इस संबोधन के प्रमुख पहलू….
1. ‘दिमागी नक्सल’ को होम्योपैथी की गोली, ‘नाराज फूफा’ पर सियासी वार
प्रधानमंत्री ने लाल किले से दिए अपने भाषण का संदर्भ जोड़ते हुए विपक्ष और आलोचकों पर करारा तंज कसा…
* डोज: उन्होंने कहा, “मैंने ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल कर आलोचकों को होम्योपैथिक गोली दी थी। होम्योपैथी में बीमारी पहले थोड़ी उभरती है, फिर ठीक होती है। जैसे ही गोली दी, सारे दिमागी नक्सल बिलों से बाहर आ गए।”
* नाराज फूफा सिंड्रोम: पीएम ने विकास विरोधी मानसिकता की तुलना शादियों के ‘नाराज फूफा’ से की। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कुछ लोगों का स्थायी डायलॉग बन चुका है—’इसकी क्या जरूरत है?’ चाहे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी हो, बुलेट ट्रेन, सेमीकंडक्टर मिशन, नई संसद या नेशनल वॉर मेमोरियल—हर मोड़ पर ‘फूफा जी’ विरोध का झंडा लेकर खड़े हो जाते हैं।
2. Gen-Z स्लैंग: जब मोदी बोले ‘OG’ और ‘SRCC मोड’
छात्रों की नब्ज पकड़ते हुए पीएम ने युवा पीढ़ी के रोजमर्रा के शब्दों का खुलकर इस्तेमाल किया…
* कॉलेज के पूर्व छात्रों (एलुमनाई) की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि वे वास्तव में ‘OG’ (Original Gangsters/असली दिग्गज) हैं, जिन्होंने हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवाया।
* कॉलेज जीवन का जिक्र करते हुए बोले, “अभी आपकी जिंदगी ‘SRCC मोड’ में चल रही है—कैंटीन की कोल्ड कॉफी, लास्ट-मिनट एग्जाम की तैयारी और बिजनेस कॉन्क्लेव की भागदौड़। लेकिन इस चहारदीवारी के बाहर एक अलग दुनिया इंतजार कर रही है।”
* पूर्व वित्त मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली और मौजूदा आर्थिक सलाहकार संजीव सान्याल के SRCC से जुड़े पुराने संस्मरणों को याद कर हॉल में ठहाके भी लगवाए।
3. ‘फ्रैजाइल फाइव’ से ‘टॉप फाइव’: 2013 बनाम 2026 का आर्थिक रिपोर्ट कार्ड
प्रधानमंत्री ने छात्रों को 13 साल पुराने भारत के हालात याद दिलाए…
* 2013 का परिदृश्य: दोहरे अंकों (करीब 10%) में महंगाई, रिकॉर्ड चालू खाता घाटा (CAD), पॉलिसी पैरालिसिस, हेलीकॉप्टर घोटाला, केदारनाथ त्रासदी का प्रशासनिक कुप्रबंधन और वैश्विक मंच पर भारत की पहचान ‘फ्रैजाइल फाइव’ (कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं) के रूप में।
* 2026 की स्थिति: कोविड महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक तनावों के बावजूद भारत शीर्ष 5 वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में मजबूती से टिका है। 40 देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) युवाओं के लिए दुनिया भर के दरवाजे खोल रहे हैं।
* आकांक्षाओं का शिफ्ट: “2013 से पहले आपके सीनियर्स यूनिकॉर्न या स्पेस स्टार्टअप का सपना भी नहीं देख सकते थे। आज का युवा खुद अपनी टेक और स्पेस फर्म खड़ी कर रहा है।”
4. नजरिए का फलसफा: आधा खाली नहीं, ‘पानी और हवा’ से भरा पूरा गिलास
संबोधन के दौरान पीएम ने ‘आधा भरा या आधा खाली गिलास’ के पारंपरिक मुहावरे को वैज्ञानिक और सकारात्मक सोच से जोड़ा। उन्होंने कहा कि गिलास कभी खाली नहीं होता—जितना पानी है उतना पानी है, बाकी हिस्से में हवा मौजूद है। यानी संसाधनों के अधिकतम और समग्र उपयोग का नजरिया ही विकसित भारत का आधार बनेगा।
कैंपस से क्या आई आवाज?
शताब्दी समारोह में मौजूद छात्र-छात्राओं के बीच भाषण की भाषा और आंकड़ों की जमकर चर्चा रही…
* कनेक्ट और डिलीवरी: छात्राओं (धनिष्ठा, स्वांतिका और निष्ठा) ने कहा कि 2013 के विजनरी सीएम से लेकर 2026 के ग्लोबल लीडर तक के सफर को उसी मंच से सुनना एक अलग अनुभव था।
* जेन-जी स्टाइल: अनन्या और रचित के मुताबिक, ‘OG’ और ‘फूफा’ जैसे शब्दों ने भारी-भरकम आर्थिक भाषण को जीवंत और रिलेटेबल बना दिया।
* तुलनात्मक समझ: आर्या और पीयूष ने माना कि डेटा आधारित तुलना ने यह समझने में मदद की कि भारत ने पिछले एक दशक में मैक्रो-इकोनॉमिक स्तर पर कितनी लंबी छलांग लगाई है। वहीं अंशिका भाटिया जैसी छात्राओं ने यह भी रेखांकित किया कि प्रगति निर्विवाद है, लेकिन अभी भी कई बुनियादी मोर्चों पर सुधार की दरकार है।
2013 का SRCC भाषण जहां सत्ता परिवर्तन की राजनीतिक जमीन तैयार करने वाला ‘आक्रोश और विकल्प’ का संबोधन था, वहीं 2026 का भाषण 140 करोड़ के आत्मविश्वास, स्पेस स्टेशन, ओलंपिक मेजबानी और ग्लोबल लीडरशिप के ‘संकल्प से सिद्धि’ की ब्रांडिंग रहा।
