ध्रुव गुप्त
(आईपीएस) पटना
Sawan 2026 : आज सावन का आरम्भ हो गया है।सावन बारिशों का महीना है जब महीनों की प्रचंड धूप और ताप से बेचैन धरती की प्यास बुझती हैं। जब पृथ्वी और बादल मिलकर सृष्टि और हरियाली के नए-नए तिलिस्म रचते हैं। सावन की झोली में सबके लिए कुछ न कुछ है।कृषकों के लिए यह धरती की गोद में फसल के साथ सपने बोने का महीना है। प्रेमियों के लिए यह बसंत के बाद प्रेम के लिए दूसरा सबसे अनुकूल मौसम है। साहित्य सदा से सावन में प्रेमियों के मिलन की चर्चाओं से उजला और विरह की व्यथाओं से गीला होता रहा है। युवाओ के लिए उमंग और उल्लास के दिन हैं ये। लड़कियों के लिए झूले में बैठ आकाश नापने का अवसर। बच्चों के लिए सावन बारिश में कागज की कश्ती चलाने का उल्लास है। नव विवाहिताओं के लिए कजरी गीतों के माध्यम से मायके में छूट गए रिश्तों को याद करने का मौसम है यह। बूढ़े-बूढ़ियों के लिए बिस्तर पर लेटे-लेटे चाय की चुस्कियों के साथ अतीत की यादों में डूब जाने का समय है। धार्मिक लोगों के लिए सावन भगवान शिव का महीना है जब वे पवित्र नदियों से जल लेकर भारत के ज्योतिर्लिंगों और शिव के दूसरे मंदिरों में चढ़ाएंगे। जीवन से उदासीन और थके-हारे जिन लोगों के लिए सावन में कुछ नहीं, उनके लिए भी जीवन को कई-कई रूपों में अंकुरित होते देखने का अवसर तो है ही।
Sawan 2026 : सबका अपना सावन
Leave a Comment
Leave a Comment