Train Accident In Jharkhand : शनिवार तड़के सुबह करीब 4:15 बजे चांडिल रेलवे स्टेशन के पास पोल संख्या 375/22 के समीप बड़ा रेल हादसा हो गया। यहां आमने-सामने आ रही दो मालगाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिससे दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और रेल पथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक दल के कुछ सदस्यों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, एक मालगाड़ी टाटानगर से बोकारो की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बोकारो से टाटानगर आ रही थी। शुरुआती जांच में सिग्नलिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना किन कारणों से हुई है, फिलहाल इसे लेकर रेलवे प्रशासन के उच्च अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है।
दूसरी मालगाड़ी से हुई टक्कर
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, एक मालगाड़ी टाटानगर से पुरुलिया की ओर जा रही थी। चांडिल स्टेशन पार करने के बाद वो पटरी से उतर गई। डिरेल हुई मालगाड़ी के कई डब्बे विपरित दिशा से आने वाले ट्रैक पर आ गए।
उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मालगाड़ी उन डिब्बों से टकरा गए, जिससे दूसरी मालगाड़ी के भी कई डिब्बे पटरी से उतर कर डिरेल हो गए। यह दुर्घटना पितकी रेलवे गेट और चांडिल स्टेशन के बीच हुई है।
दक्षिण-पूर्व रेलवे ने जानकारी दी है कि चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट की सभी यात्री व मालगाड़ियों का परिचालन फिलहाल रद्द कर दिया गया है। कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट या शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। यात्रियों को हेल्पडेस्क और स्टेशन घोषणाओं के जरिए जानकारी दी जा रही है।
रेलवे के उच्च अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, ट्रैक बहाली में कम से कम 24 घंटे लग सकते हैं। इस घटना के कारण सैकड़ों यात्री विभिन्न स्टेशनों पर फंसे हुए हैं और उन्हें वैकल्पिक साधनों से गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।