Unclaimed Deposits In Bank : बैंकों में लावारिस पड़े 78000 करोड़ रुपये किसके ? इतने पैसों का क्या करती है आरबीआई

Bindash Bol

Unclaimed Deposits In Bank : आजकल हर किसी का किसी न किसी बैंक में अकाउंट जरूर होता है. कई बार हम दो से ज्यादा बैंकों में अकाउंट खोल लेते हैं. लेकिन, उनमें रेगुलर तौर पर ट्रांजैक्शन नहीं करते. या फिर हम कुछ पैसे रखकर उस अकाउंट को इनएक्टिव छोड़ देते हैं. अगर आप 10 साल या उससे ज्यादा वक्त तक ऐसे अकाउंट में कोई लेनदेन नहीं करते हैं, तो बैंक में जमा वह रकम अनक्लेम्ड यानी लावारिस हो जाती है.

अगर आपके अकाउंट को बैंक ने एक बार अनक्लेम्ड डिक्लेयर कर दिया, तो आपको अपने पैसे वापस पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है. बैंकों के पास अभी 78000 करोड़ रुपये अनक्लेम्ड हैं. इनमें करंट और सेविंग अकाउंट के साथ ही फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) भी शामिल है.

आइए जानते हैं अनक्लेम्ड डिपॉजिट क्या होती है? बैंक इन पैसों का क्या करता है? आप कैसे पता करेंगे कि अनक्लेम्ड डिपॉजिट में आपका कोई हिस्सा है या नहीं? अनक्लेम्ड पैसे को वापस पाने के तरीकें क्या हैं:-

अनक्लेम्ड डिपॉजिट क्या होती है?

जिस अकाउंट में या डिपॉजिट में 10 साल या इससे ज्यादा वक्त तक कोई लेनदेन नहीं होता. यानी इस दौरान न तो आपने पैसे निकालें और न ही पैसे जमा किए हैं. इस केस में ये जमा रकम अनक्लेम्ड हो जाती है. ज्यादातर लोग कई बैंकों में सेविंग अकाउंट खोल लेते हैं, लेकिन इसे मेंटेन नहीं करते. इन अकाउंट में जमा रकम भी अनक्लेम्ड कैटेगरी में आ जाती है. वहीं, कुछ लोग FD, RD करा लेते हैं. उसकी मेच्यौरिटी पूरी होने के कई समय बाद भी इसे क्लेम नहीं करते. ऐसे में ये अकाउंट भी अनक्लेम्ड हो जाता है. वहीं, ऐसे अकाउंट होल्डर जिनकी मौत हो चुकी है और उनका कोई नॉमिनी नहीं है, तो उस अकाउंट में रखा पैसा भी अनक्लेम्ड हो जाता है.

अनक्लेम्ड डिपॉजिट का बैंक क्या करता है?

बैंकों में जमा अनक्लेम्ड रकम का इस्तेमाल डिपॉजिटर एजुकेशन एंड अवेयरनेस फंड (DEAF) में ट्रांसफर कर दिया जाता है. यह फंड 2014 में बना था. यहां से अनक्लेम्ड रकम को बाद में सरकारी डिवेंचर जैसे इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश किया जाता है.

कैसे पता करें कि आपका पैसा अनक्लेम्ड है या नहीं?

सरकार के UDGAM (Unclaimed Deposits – Gateway to Access Information) पोर्टल udgam.rbi.org.in पर जाकर आप अपना अनक्लेम्ड स्टेटस चेक कर सकते हैं. इस पोर्टल के जरिए आप अलग-अलग बैंकों में पड़े अपने अनक्लेम्ड डिपॉजिट की जानकारी हासिल कर सकते हैं.

चेक करने का क्या है प्रोसेस?

  • https://udgam.rbi.org.in पर जाएं.
  • unclaimed deposits के लिए लॉगइन करें.
  • अपना मोबाइल नंबर, पासवर्ड, कैप्चा कोड डालें.
  • आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा.
  • अकाउंट होल्डर का नाम डालना और बैंक सिलेक्ट करें.
  • जरूरी जानकारी भरें.
  • इसके बाद सर्च बटन पर क्लिक करें.
  • अगर कोई अनक्लेम्ड अमाउंट होगा तो वह आपको नजर आ जाएगा.

क्या अनक्लेम्ड डिपॉजिट वापस ले सकते हैं?

हां. इसके लिए आपको बैंक में अप्लाई करना होगा. बैंक आपकी जानकारी और डॉक्यूमेंट्स वेरिफाई करने के बाद रकम लौटा देगा.

कब तक वापस ले सकते हैं पैसा?

वैसे, अनक्लेम्ड डिपॉजिट को वापस लेने की कोई डेडलाइन नहीं है. आप जब चाहें अपने बैंक से इसका दावा कर सकते हैं.

Share This Article
Leave a Comment