UP BJP March: यूपी चुनाव से पहले BJP की बड़ी तैयारी, आज से 5 नवंबर तक BJP का शक्ति प्रदर्शन, योगी-नड्डा-नितिन… दिग्गज संभालेंगे पदयात्रा का कमान

Bindash Bol

UP BJP March:उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तपिश लगातार बढ़ती जा रही है, और इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जमीनी स्तर पर विपक्ष को घेरने के लिए प्रदेशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान का ऐलान कर दिया है. यह विशेष अभियान आज से शुरू होकर 5 नवंबर तक चलेगा, जिसके तहत राज्य के सभी 6 प्रमुख संगठनात्मक क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पदयात्राएं निकाली जाएंगी.

इस अभियान का मुख्य मकसद वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर विपक्ष द्वारा बनाए जा रहे नैरेटिव का मुकाबला करना और जनता से सीधा संवाद साधना है.

लखनऊ और बरेली में पहले दिन दिग्गज संभालेंगे मोर्चा
बीजेपी प्रदेश महामंत्री एवं अभियान प्रभारी दिलीप पटेल के मुताबिक, आज लखनऊ में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे.अभियान के पहले दिन आज राजधानी लखनऊ और बरेली में पार्टी का बड़ा जमावड़ा देखने को मिलेगा.

लखनऊ में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने का अनुमान है. वहीं बरेली क्षेत्र में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी संयुक्त रूप से पदयात्रा की कमान संभालेंगे और जनसंवाद करेंगे.

गोरखपुर, कानपुर और प्रयागराज में दूसरे दिन दिखेगा दम

अभियान के दूसरे दिन यानी 4 नवंबर को पूर्वांचल और मध्य यूपी के प्रमुख शहरों में पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी. गोरखपुर में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी खुद मैदान में उतरकर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाएंगे. इसी दिन प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और औद्योगिक नगरी कानपुर में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पदयात्रा का नेतृत्व करते हुए पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार करेंगे.

गाजियाबाद में CM योगी के नेतृत्व में होगा भव्य समापन

इस तीन दिवसीय सघन अभियान का समापन 5 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रणनीतिक रूप से अहम जिले गाजियाबाद में होगा. समापन दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे, जिसमें पूरे पश्चिमी क्षेत्र के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे. पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि इन पदयात्राओं के जरिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और आगामी चुनावी मुकाबले के लिए BJP की संगठनात्मक पकड़ और अधिक मजबूत होगी.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment