YogaDay : योगयुक्त झारखंड की ओर बढ़ा एक और सशक्त कदम, रामकृष्ण मिशन में सजा योग महोत्सव 2026

Bindash Bol

रामकृष्ण मिशन आश्रम में मनाया गया योग महोत्सव 2026  की पूर्व संध्या
 
YogaDay : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर रामकृष्ण मिशन आश्रम, दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र, मोराबादी, रांची के सभागार में एक भव्य योग महोत्सव एवं विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “Yoga for Healthy Ageing” रहा, जबकि राज्यव्यापी अभियान “योगयुक्त झारखंड – रोगमुक्त झारखंड” को केंद्र में रखकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। आश्रम के सह-सचिव स्वामी अंतरानंद जी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया।
मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिष्ठित न्यूरोसर्जन डॉ. संजय ने आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग को सबसे प्रभावी और प्राकृतिक माध्यम बताते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इंडियन योग एसोसिएशन, झारखंड के सचिव श्री अमित कुमार ने “Healthy Ageing” विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
आश्रम के योग प्रशिक्षक द्वारा सभी उपस्थितजनों को 7 मिनट का योग ब्रेक कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रांची के ट्रैफिक एसपी श्री राकेश सिंह ने अपने संबोधन में नियमित योगाभ्यास को जीवन की आवश्यकता बताते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र कला है। उन्होंने भक्ति योग को भी जीवन में आत्मिक शांति एवं सकारात्मकता का आधार बताया।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता डॉ. अभिषेक महेश्वरी, सुश्री श्रद्धा एवं देव कुमार भट्टाचार्य सहित आसन प्रतियोगिता के विभिन्न सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
आश्रम के स्वामी भवेशानंद जी ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने ऐसे भारत का स्वप्न देखा था जो गांवों, जंगलों, पहाड़ों और झोपड़ियों से अपनी शक्ति प्राप्त करे। आज वह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने योगिक, नैतिक एवं जैविक झारखंड की परिकल्पना को समाज के समग्र विकास का आधार बताते हुए कहा कि यह योग महोत्सव उस लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री कृतिका सिन्हा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में रामकृष्ण मिशन विवेकानंद एजुकेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, रांची, इंडियन योग एसोसिएशन, झारखंड तथा मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, रांची का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
योग, स्वास्थ्य और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के समन्वय से परिपूर्ण इस आयोजन ने समाज को स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित जीवनशैली अपनाने का प्रेरक संदेश दिया।             

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment